shobhit University Gangoh
 

दिल्ली में हिंसा से पश्चिमी यूपी में अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में पीएसी तैनात, रालोद ने मांगी सुरक्षा

दिल्ली में हिंसा के बाद उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में अलर्ट जारी कर दिया गया है। जिले को तीन सुपर जोन, छह जोन और 12 सेक्टर में बांटकर निगरानी की जा रही है। डूंडाहेड़ा चेकपोस्ट पर पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव के नेतृत्व में पुलिस ने मंगलवार को संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण किया और लोगों को जागरूक किया।

सीएए का विरोध करने वालों और पक्ष लेने वालों के बीच दिल्ली में मंगलवार को हिंसा बढ़ गई। इसको लेकर जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया। एएसपी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि एहतियात तीनों तहसील मुख्यालयों को सुपर जोन में बांटा गया है। निगरानी के लिए छह जोन और 12 सेक्टर बनाए गए हैं। जिले में धारा 144 लागू है। सोमवार रात डूंडाहेड़ा चेकपोस्ट पर पैदल मार्च किया गया था। मंगलवार को चेकपोस्ट पर पुलिस ने दिन में चेकिंग अभियान चलाया। दिल्ली आने-जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। खेकड़ा, चांदीनगर और बालैनी के गाजियाबाद व दिल्ली बॉर्डर पर चेकिंग की जा रही है। वहीं एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने नगर में संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण किया और बाजारों में लोगों से बातचीत की। उन्होंने सभी से जिले में भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

व्हॉट्सएप पर पुलिस की नजर

एएसपी ने बताया कि सोशल मीडिया पर पुलिस की नजर है। हर थाना क्षेत्र में व्हाट्सएप ग्रुप बनाए गए हैं, जिनके जरिये नजर रखी जा रही है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे संदेशों की भी मॉनीटरिंग की जा रही है।

Jamia Tibbia