ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में मनाया गया रक्षाबंधन पर्व

- सहारनपुर में रक्षाबंधन के उपलक्ष में राखी बांधती ब्रह्माकुमारी रानी।
सहारनपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के स्थानीय सेवा केंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी रानी ने कहा कि रक्षाबंधन सभी पर्वों में एक अनोखा पर्व है जो भारत की संस्कृति व मानवीय मूल्यों को उजागर करने वाला, अनेक अध्यात्मिक रहस्यों को प्रकाशित करने वाला और भाई बहन के रिश्ते की स्मृति दिलाने वाला एक परमात्म उपहार है। ब्रह्मा कुमारी रानी आज यहां नवीन नगर स्थित स्थानीय सेवा केंद्र में आयोजित रक्षाबंधन पर्व कार्यक्रम को सम्बोधित कर रही थी।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर्व रक्षा सूत्र बांधने से पूर्व बहन भाई के मस्तक पर चंदन का तिलक लगाती है जो शुद्ध, शीतल और सुगंधित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। तिलक दाएं हाथ से किया जाता है तथा रक्षा भी दाएं हाथ पर बांधी जाती है। यह विधि हमें प्रेरणा देती है कि हम सदा सकारात्मक चिंतन करते हुए श्रेष्ठ कर्म ही करें ताकि आत्मा अनिष्ठ परिणामों से दु:खी व अशांत होने से सुरक्षित रहेगी। उन्होंने कहा कि मिठाई खिलाने के पीछे भी मन और सम्बंधों को मीठा बनाने का राज भरा हुआ है। इस दौरान स्थानीय केंद्र के ब्रह्मकुमारी व ब्रह्माकुमार भी मौजूद रहे।