उत्तर प्रदेश में बनेगी सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार: राजपाल

उत्तर प्रदेश में बनेगी सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार: राजपाल
  • सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते सपा पिछड़ा वर्ग के प्रदेशाध्यक्ष व एमएलसी डा. राजपाल कश्यप।

सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य डा. राजपाल कश्यप ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा शासन में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी व जंगलराज कायम है। रोजगार मांगने पर बेरोजगारों को लाठियां खानी पड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि सपा के सत्ता में आने पर युवाओं को आईटी सैक्टर में रोजगार देने के साथ ही पुरानी पेंशन बहाल करने का काम किया जाएगा।

प्रदेशाध्यक्ष राजपाल कश्यप आज यहां अम्बाला रोड स्थित सपा जिला कार्यालय पर पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में सत्ता में आई भाजपा एक ओर जहां दलितों व पिछड़ों का आरक्षण समाप्त करने की साजिश रच रही है, वहीं दूसरी ओर बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिल पा रहा है जिस कारण उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी चरम सीमा पर है। साथ ही रोजगार मांगने वालों पर लाठियां बरसाने का काम हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गर्मी वाले बयान पर तंज कसते हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा की गर्मी शांत कर दी है और अब पूर्वांचल की जनता भी भाजपा को सत्ता से बाहर करने का काम करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर उनके गृह जनपद गोरखपुर की कानून-व्यवस्था नहीं संभाल पाई, ऐसी स्थिति में वह प्रदेश का क्या भला कर पाएंगे।

एक सवाल के जवाब में डा. कश्यप ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा सरकार आने पर 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। पुरानी पेंशन बहाल करने के साथ ही महिलाओं को प्रति माह 1500 रूपए समाजवादी पेंशन देने का काम किया जाएगा। साथ ही आईटी सैक्टर में युवाओं को नौकरियां मुहैया कराई जाएंगी। एक सवाल के जवाब में डा. कश्यप ने कहा कि सपा ही दलितों व पिछड़ों की सच्ची हितैषी है। इसलिए जब-जब सपा की सरकार आई सपा ने बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का काम किया।

उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी तथा प्रदेश में विकास का एक नया अध्याय शुरू किया जाएगा। वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष रागिब अंजुम, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश कोषाध्यक्ष इंजी. विजेश शर्मा, प्रदेश सचिव गुलजार सलमानी, हसीन कुरैशी, वेदपाल पटनी भी मौजूद रहे।

Jamia Tibbia