सपा में राजेश सैनी को मिला निष्ठा व समर्पण भावना का इनाम बने प्रदेश सचिव

सपा में राजेश सैनी को मिला निष्ठा व समर्पण भावना का इनाम बने प्रदेश सचिव
  • सहारनपुर में सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव राजेश सैनी का फाइल फोटो।

सहारनपुर। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी व कांग्रेस समेत समाजवादी पार्टी ने भी मतदाताओं को साधने के लिए अति पिछड़े वर्ग के लोगों को पार्टी में पदाधिकारी बनाने का सिलसिला शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की नवगठित प्रदेश कार्यसमिति में सहारनपुर जिले के अति पिछड़ा वर्ग से ताल्लुक रखने वाले तीन नेताओं को शामिल किया गया है जिसे उनकी वफादारी व पार्टी के प्रति समर्पण भावना का पुरस्कार माना जा रहा है।

गौरतलब है कि आगामी लोकसभा चुनाव में चंद माह शेष रहने के चलते एक ओर जहां केंद्र व प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा द्वारा महा जनसम्पर्क अभियान चलाकर मतदाताओं की नब्ज टटोलने का काम किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश में प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने भी प्रदेश व राष्ट्रीय कार्यकारिणी से लेकर कस्बा व जिला स्तर पर कार्यकारिणी के पुनर्गठन का अभियान छेड़ा गया है ताकि पार्टी के बेस वोट माने जाने वाली पिछड़ी व अति पिछड़ी जातियों के लोगों को शामिल कर उन्हें साधा जा सके।

इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष डा. राजपाल कश्यप ने सैनी बिरादरी से ताल्लुक रखने वाले राजेश सैनी बड़कला को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है। जबकि अति पिछड़ा विश्वकर्मा समाज से ताल्लुक रखने वाले इंजी. विजेश शर्मा को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा कश्यप बिरादरी के विजय कश्यप को भी प्रदेश सचिव जैसी अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सहारनपुर जिले से एक साथ तीन वरिष्ठ नेताओं को प्रदेश कार्यकारिणी में समायोजित करने के पीछे राजनीतिक विश्लेषकों का इन बिरादरी के वोटों का धु्रवीकरण करने का प्रयास माना जा रहा है। हालांकि भारतीय जनता पार्टी ने सैनी बिरादरी को तो कई पद देकर सम्मान देने का काम किया है परंतु जिस तरह अन्य बिरादरियों को भाजपा द्वारा सम्मान दिया गया है उससे सैनी समाज स्वयं को अपमानित महसूस कर रहा है जिसके चलते सैनी समाज नए राजनीतिक ठिकाने की तलाश में है।

सपा द्वारा राजेश सैनी को प्रदेश सचिव बनाने के पीछे सैनी समाज के मतों को साधने की मुहिम माना जा रहा है। जबकि इंजी विजेश शर्मा समाजवादी पार्टी के आजीवन प्रदेशाध्यक्ष रहे चौ. रामशरण दास गुर्जर के नजदीकी लोगों में शामिल रहे हैं। इसके अलावा वह अखिल भारतीय शिल्पकार महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। माना जा रहा है कि विजेश शर्मा को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाने से सपा को आगामी लोकसभा चुनाव में निश्चित रूप से लाभ मिलेगा।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे