राजस्थान के CM भजनलाल शर्मा ने अपनी कैबिनेट के साथ किए रामलला के दर्शन, बोले- मैं अभिभूत महसूस कर रहा हूं…
![राजस्थान के CM भजनलाल शर्मा ने अपनी कैबिनेट के साथ किए रामलला के दर्शन, बोले- मैं अभिभूत महसूस कर रहा हूं…](https://24city.news/wp-content/uploads/2024/03/11_03_2024-bhajan_lal_sharma__23671997.webp)
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उनके कैबिनेट मंत्री उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर में रामलला के दर्शन के लिए पहुंचे। भजनलाल शर्मा ने कहा मुझे आज यहां अयोध्या शहर पहुंचकर खुशी हो रही है… मैं अभिभूत महसूस कर रहा हूं… मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देता हूं कि रामलला का इतना भव्य मंदिर बना है। राम हमारे रोम रोम में बसे हैं।
अयोध्या। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उनके कैबिनेट मंत्री उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर में रामलला के दर्शन के लिए पहुंचे। भजनलाल शर्मा ने कहा, “मुझे आज यहां अयोध्या शहर पहुंचकर खुशी हो रही है… मैं अभिभूत महसूस कर रहा हूं… मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देता हूं कि रामलला का इतना भव्य मंदिर बना है। राम हमारे रोम रोम में बसे हैं।”
रविवार को राजस्थान से अंतिम आस्था स्पेशल ट्रेन यहां पहुंची। हालांकि, अभी 16 मार्च तक बसों से श्रद्धालु अयोध्या आएंगे, लेकिन ये बसें उसी दिन वापस भी हो जाएंगी। आवासीय व्यवस्था में अब बसों का आगमन भी नहीं होगा। अभियान को लेकर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की पहली बैठक 10 जनवरी को हुई थी।
पूरे अभियान की मानीटरिंग भाजपा के केंद्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष के साथ-साथ राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल कर रहे थे। राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ भंडारे व विनोद तावड़े को रेलवे की व्यवस्था का दायित्व सौंपा गया था। राज्य स्तर पर प्रदेश उपाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र, क्षेत्रीय महामंत्री विजय प्रताप सिंह को अभियान की मानीटरिंग का दायित्व सौंपा गया था। भाजपा की नियोजित व्यवस्था में आस्था स्पेशल ट्रेनों के आने का क्रम छह फरवरी से आरंभ हुआ। अब तक करीब आठ लाख श्रद्धालु टेंट सिटी में रुक चुके हैं, जबकि 295 ट्रेनों से चार लाख चार हजार 117 लोग अयोध्या पहुंचे।
रविवार को राजस्थान से 1476 रामभक्त अयोध्या आए। हालांकि, नव्य अयोध्या की टेंट सिटी अभी कुछ दिनों तक और रहेगी, जिससे श्रद्धालुओं को रुकने में किसी प्रकार की समस्या नहीं हो। क्षेत्रीय महामंत्री विजय प्रताप सिंह ने बताया कि फिलहाल अब आस्था स्पेशल ट्रेनों के आने का क्रम रविवार को पूर्ण हो गया।
इन राज्यों से आए श्रद्धालु
34 दिन के अभियान में तेलंगाना, महाराष्ट्र, कर्नाटक, ओडिशा, राजस्थान, छत्तीसगढ़, असम, मध्य प्रदेश, पंजाब, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, बिहार, गुजरात आदि राज्यों से श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे।