पार्टी नेताओं की बैठक में राज ठाकरे का बड़ा बयान, ‘जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब कई लोगों को…’

पार्टी नेताओं की बैठक में राज ठाकरे का बड़ा बयान, ‘जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब कई लोगों को…’

राज ठाकरे ने महाराष्ट्र के पार्टी पदाधिकारियों की बैठक बुलाई थी. इस बैठक में कैमरा वगैरह बैन किया गया था. उन्होंने पार्टी के नेताओं से कहा कि आज महाराष्ट्र आईसीयू में है. एमएनएस चीफ ने कहा कि हर चीज की एक एक्सपायरी डेट होती है. आज जो सत्ता में हैं, उनकी भी एक समय-सीमा होगी. इसलिए कोई भी व्यवस्था या सत्ता हमेशा कायम नहीं रहती.

समय आने पर परिवर्तन अवश्य होता है- राज ठाकरे

राज ठाकरे ने कहा, “जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब भी कई लोगों को लगता था कि कांग्रेस को कौन हिला सकता है? उन्होंने 57-58 वर्षों तक इस देश पर शासन किया. हर चीज का समय आता है. समय आने पर परिवर्तन अवश्य होता है.”

महाराष्ट्र की स्थिति गंभीर सूजन की तरह है- ठाकरे

महाराष्ट्र को लेकर उन्होंने कहा कि जो स्थिति बनी हुई है, वह एक सूजन की तरह है और यह बहुत गंभीर सूजन है. कई लोगों को लगता है कि जो कुछ अभी चल रहा है, वह हमेशा के लिए चलेगा. लेकिन दुनिया में कुछ भी स्थायी नहीं होता.

अभी से संगठन को मजबूत करने की शुरुआत करें- राज ठाकरे

अपने नेताओं से उन्होंने आगे कहा कि आपसे मिलकर ऐसा लगता है मानो पूरे महाराष्ट्र के दर्शन हो गए. आपने अब तक कई आंदोलन किए हैं. लेकिन अब आगे का पूरा ध्यान केवल चुनाव पर केंद्रित होना चाहिए. पार्टी का मुख्य कार्यक्रम अब चुनाव ही है. अगले तीन वर्षों तक कोई चुनाव नहीं है, इसलिए अभी से संगठन मजबूत करने की शुरुआत करें.

19 फरवरी को शिवतीर्थ पर होगी सभा- ठाकरे

राज ठाकरे ने कहा कि मराठी भाषा दिवस जोर-शोर से मनाया जाए. 19 मार्च को गुड़ी पड़वा है. 20 तारीख को पार्टी की स्थापना हुई थी और इसी अवसर पर 19 मार्च को शिवतीर्थ पर सभा आयोजित की जाएगी. बता दें कि अभी महाराष्ट्र में राज ठाकरे का अपने चचेरे भाई उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना (यूबीटी) से गठबंधन हैं.


Leave a Reply