गन्ने का समर्थन मूल्य 15 रूपए बढ़ाना किसानों के साथ मजाक: वर्मा

गन्ने का समर्थन मूल्य 15 रूपए बढ़ाना किसानों के साथ मजाक: वर्मा
  • सहारनपुर में किसानों की बैठक को सम्बोधित करते किसान नेता भगतसिंह वर्मा।

सहारनपुर [24CN]। पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व भारतीय किसान यूनियन वर्मा के राष्ट्रीय संयोजक भगतसिंह वर्मा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने गन्ने का समर्थन मूल्य मात्र 15 रूपए प्रति कुंतल बढ़ाकर किसानों के साथ क्रूर मजाक किया है। उन्होंने कहा कि 305 रूपए प्रति कुंतल मूल्य न तो उचित है और न ही किसी भी कीमत पर लाभकारी है।

भगतसिंह वर्मा आज यहां गन्ना समिति में गन्ना किसानों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश के किसानों की एक कुंतल गन्ना पैदा करने पर 450 रूपए लागत आ रही है। हरित क्रांति के जनक महान कृषि वैज्ञानिक डा. एम. एस. स्वामीनाथन के अनुसार किसानों की सारी लागत जोड़ते हुए सभी फसलों पर 50 प्रतिशत लाभ किसानों को मिलना चाहिए तभी किसानों की आर्थिक स्थिति सुधर सकती है। भगतसिंह वर्मा ने कहा कि गन्ना देश व प्रदेश की आर्थिक रीढ़ है। गन्ने से सरकारों को सर्वाधिक राजस्व प्राप्त होता है। जबकि गन्ना किसानों को सरकार और चीनी मिलें खोई के दाम भी नहीं दे रही है।

भाजपा की योगी सरकार गन्ना किसानों को बर्बाद करने पर तुली है जिसके लिए प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गन्ना, चीनी मिलें व गन्ना आयुक्त संजय आर. भुसरेड्डी सीधे-सीधे जिम्मेदार हैं। वर्मा ने राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर गन्ना किसानों को गन्ने का लाभकारी मूल्य 600 रूपए प्रति कुंतल दिलाने, चीनी मिलों से गन्ना मूल्य भुगतान नगद कराने तथा विगत वर्षों में देरी से किए गए गन्ना मूल्य भुगतान पर लगा ब्याज उत्तर प्रदेश की 120 चीनी मिलों से 12 हजार करोड़ रूपए प्रदेश के गन्ना किसानों को तत्काल दिलाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने तत्काल गन्ने का लाभकारी मूल्य 600 रूपए प्रति कुंतल नहीं किया तथा गन्ने का नगद भुगतान व ब्याज नहीं दिलाया तो प्रदेश के गन्ना किसान सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे।

बैठक की अध्यक्षता विजय पाल सिंह डायरेक्टर व संचालन मौ. वसीम ने किया। बैठक में ऋषिपाल प्रधान, सुधीर चौधरी, रविंद्र चौधरी, मौ. कामिल, हरपाल सिंह, नीरज सैनी, डा. यशपाल त्यागी, सुभाष त्यागी, मौ. वसीम, हाजी सुलेमान, मौ. यासीन, जोगेंद्र सिंह, जगपाल सिंह, अरविंद चौधरी, महबूब हसन आदि मौजूद रहे।