रेलवे पेंशनर्स समाज ने किया निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन
- सहारनपुर में शिविर में मरीजों को परामर्श देते चिकित्सक।
सहारनपुर। रेलवे पेंशनर्स समाज, सहारनपुर के संस्था कार्यालय पर कनिष्क हॉस्पिटल देहरादून के सौजन्य से निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श का लाभ उठाया। शिविर में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप धातिक एवं डॉ. सत्या सागर ने 53 सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया। चिकित्सकों ने विशेष रूप से अस्थि रोग, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह सहित अन्य सामान्य बीमारियों से बचाव के उपाय बताए तथा वरिष्ठजनों को संतुलित आहार और नियमित व्यायाम अपनाने की सलाह दी।
शिविर के दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, बोन मैरो डेंसिटी, ईसीजी एवं पल्स ऑक्सीमेट्री जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण भी किए गए। अस्पताल के बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर प्रवेश गैरोला ने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को दी जाने वाली विशेष छूट की जानकारी दी। शिविर में मीना, प्रियंका, पूजा, आंचल, कामिनी, निकुंज, करण एवं निखिल कुमार ने सहयोग प्रदान किया।
