आईटीआई कर्मचारियों का वेतन न मिलने पर जताया रोष
सहारनपुर में आईटीआई व सेवायोजन संघ की बैठक को सम्बोधित करते राज्य कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह त्यागी।
सहारनपुर [24CN] । उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह त्यागी ने कहा कि सरकार तत्काल पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल कर आने वाले नववर्ष में कर्मचारियों को तोहफा प्रदान करे। उन्होंने कहा कि यदि सरकार पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करती है तो इसका सभी कर्मचारियों व अधिकारियों के साथ-साथ सरकार को भी लाभ होगा। अर्जुन सिंह त्यागी आज यहां आईटीआई एवं सेवायोजना संघ की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार सभी विधायकों को पुरानी पेंशन व्यवस्था के तहत पेंशन प्रदान कर रही है परंतु कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है जिससे कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों के छह भत्ते समाप्त करके विधायकों के अतिरिक्त भत्ते बढ़ा दिए हैं तथा मंत्रियों को अलग से जेब खर्च दिया जा रहा है। जबकि सरकार द्वारा संविदा कर्मचारियों को नियमित न करके बंधुआ मजदूर बनाकर उनसे कार्य लिया जा रहा है जो कर्मचारियों के साथ विश्वासघात है। आईटीआई एवं सेवायोजन संघ की अध्यक्ष सुधारानी शर्मा ने कहा कि आईटीआई हरौड़ा के कर्मचारियों को पता नहीं किन कारणों से वेतन नहीं दिया जा रहा है जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में कर्मचारियों को वेतन न मिलना उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन है। जबकि सभी कर्मचारी जून माह से लगातार अपनी ड्यूटी दे रहे हैं। वेतन न मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारियों का वेतन 15 दिन के अंदर आहरित न किया गया तो आईटीआई के मुख्य द्वार पर धरना दिया जाएगा जिसमें जिले सभी कर्मचारी भाग लेंगे। बैठक को राज्य कर्मचारी महासंघ के जिला मंत्री दानिश सिद्दीकी, श्यामपाल सिंह, राजेश कर्णवाल, साहब सिंह, विजय कुमार, अनिल कुमार, राहुल कुमार, जितेंद्र कुमार आदि ने भी सम्बोधित किया।
