लखीमपुर खीरी जा रहे पंजाब के उपमुख्यमंत्री व आधा दर्जन विधायकों को लिया हिरासत में

- सहारनपुर में शाहजहांपुर पुलिस चौकी में नारेबाजी करते पंजाबी के उपमुख्यमंत्री व विधायकगण।
सरसावा [24CN]। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जा रहे पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा व आधा दर्जन विधायकों को थाना सरसावा पुलिस ने यूपी व उत्तराखंड की सीमा पर रोक लिया तथा उप मुख्यमंत्री को वापस न जाने पर हिरासत में ले लिया। इस पर उपमुख्यमंत्री व विधायकों ने धरना शुरू कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा करीब आधा दर्जन विधायकों अंगद सिंह सैनी, कुलवीर सिंह नागरा, कुलविंद्र सिंह जीरा, प्रमेंद्र सिंह व पिंकी के साथ लखीमपुर खीरी जाने के लिए निकले थे जिसकी सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने शाहजहांपुर चैकपोस्ट पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया। जैसे ही पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा का काफिला शाहजहांपुर सीमा पर पहुंचा तो पुलिस ने उनके काफिले को रोक लिया तथा काफी देर तक गरमागर्मी होने के बाद जहां शाहजहांपुर पुलिस चौकी पर पुलिस ने उन्हें बैठा लिया।
इस दौरान उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए तानाशाही का आरोप लगाया। इसी बीच मौके पर पहुंचे एसपी देहात अतुल शर्मा व अपर जिलाधिकारी प्रशासन डा. अर्चना द्विवेदी ने उन्हें समझा-बुझाकर वापस लौटने का प्रयास किया परंतु उपमुख्यमंत्री श्री रंधावा वापस जाने को तैयार नहीं हुए। समाचार लिखे जाने तक पंजाब के उपमुख्यमंत्री व विधायक शाहजहांपुर पुलिस चौकी में ही डटे हुए थे।