संगठन को मजबूत बनाने की आवश्यकता: पुंडीर

- सहारनपुर में माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक को सम्बोधित करते पूर्व विधायक हेमसिंह पुंडीर।
सहारनपुर [24CN] । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष व पूर्व विधायक हेमसिंह पुंडीर ने कहा कि सभी शिक्षकों को प्राप्त उपलब्धियों को बनाए रखने व नवीन उपलब्धियों को हासिल करने के लिए संगठन को मजबूत बनाना होगा। हेमसिंह पुंडीर आज यहां एसएएम इंटर कालेज में आयोजित उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संघर्ष ही संगठन का आधार है। इसलिए शिक्षकों को संघर्ष के लिए तैयार रहना होगा।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डा. सुशील पुंडीर ने शिक्षकों से संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनपद को इस वर्ष हरिद्वार में आयोजित होने वाली तीन दिवसीय ग्रीष्मकालीन गोष्ठी के आयोजन की जिम्मेदारी दी गई है जिसे सफल बनाने के लिए जनपद कोई कोरकसर नहीं छोड़ेगा। बैठक को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अनिल शर्मा, मंडलीय मंत्री राजेश्वर बंधु, जिलाध्यक्ष डा. सादाराम, जिला मंत्री रवि गुप्ता ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान नगर संयोजक ब्रिजेश पुंडीर, नगराध्यक्ष बलबीर सिंह, नगर मंत्री राजेश यादव, मनोज शर्मा, मनोज त्यागी, श्रीमती सुषमा राजपूत, सत्यवीर सिंह, वीरेंद्र प्रताप सिंह, दीपक श्रीवाल आदि मौजूद रहे।