‘पंचर साइकिल नहीं कर पाएगी बुलेट स्पीड सरकार का मुकाबला’, CM योगी का अखिलेश यादव पर हमला

‘पंचर साइकिल नहीं कर पाएगी बुलेट स्पीड सरकार का मुकाबला’, CM योगी का अखिलेश यादव पर हमला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जोरदार हमला किया है. उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार बुलेट ट्रेन की स्पीड से चलने वाली है. पंचर साइकिल इसका मुकाबला नहीं कर पाएगी. आज डबल इंजन की सरकार है. जब हम डबल स्पीड से चलेंगे तो साइकिल का पंचर तो पंचर ही रहेगा और हमेशा के लिए धराशायी हो जाएगा.

सीएम योगी बुधवार को योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार के कामकाज भी गिनाए और कहा कि यूपी में ये पहली सरकार है, जिसने अपने 5 वर्ष के कार्यकाल को पूरा करने के बाद, सफलतापूर्वक दो तिहाई बहुमत प्राप्त कर धमाकेदार विजय प्राप्त की है.

नौ साल सरकार के कामों का बखान

पहले गोरखपुर और उत्तर प्रदेश के नाम पर देश में कोई पूछता नही था. उन्होंने सवाल उठाया, कौन लोग थे जो पहचान का संकट खड़ा कर रहे थे? कौन लोग थे जिन्होंने आपकी पीढ़ी को विकास से वंचित रखा था? कौन लोग थे जिनकी संवेदना इंसेफेलाइटिस से तड़प रहे मासूमों पर नहीं पिघलती थी.

सीएम योगी ने कहा कि ये वही राज्य है जहां पहले बिजली नहीं मिलती थी. आज भरपूर मिल रही है. यहां के लोग आप एम्स के लिए संघर्ष कर रहे थे, आज एम्स बन गया. जिस अयोध्या में जाने पर पुलिस की लाठियां-गोलियां मिलती थीं, आज वह अयोध्या दुनिया की सुंदरतम नगरों में से एक नगरी बन गई है. वहां भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण हो गया है.

सपा सरकार पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में अब उपद्रव नहीं बल्कि उत्सव है. जिन लोगों ने प्रदेश को तबाह किया था, दंगों की आग में झोंका था. पहचान को मोहताज कर दिया था, उनके पाप से उन्हें मुक्ति न मिले, इसके लिए कोई भी ऐसा कार्य नहीं होना चाहिए, जिससे उनको मुद्दा बनाने का अवसर मिल सके.

समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश की जनता ने उनको सत्ता से तरसा दिया है. ये लोग केवल आप ही के साथ अन्याय नहीं करते थे, पूरे प्रदेश के साथ अन्याय करते थे. शोषण करते थे, गुंडागर्दी करते थे, माफियाओं को प्रश्रय देते थे. माफियाओं के माध्यम से प्रदेश को नोचवाते थे. बहन-बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा पर खतरा मंडराते थे.


Leave a Reply