स्मार्ट सिटी के नाम पर खोदी गई सड़कों से परेशान है जनता: चौधरी इंद्रसैन

स्मार्ट सिटी के नाम पर खोदी गई सड़कों से परेशान है जनता: चौधरी इंद्रसैन
  • सहारनपुर में सपा की बैठक को सम्बोधित करते गंगोह विधानसभा प्रभारी चौ. इंद्रसैन।

सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के गंगोह विधानसभा प्रभारी चौ. इंद्रसैन ने कहा कि सहारनपुर नगर निगम द्वारा स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता को गुमराह किया जा रहा है। महानगर की सड़कों में जगह-जगह गड्ढे स्मार्ट सिटी की हकीकत बयान कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया ताकि आगामी लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार बन सके।

सपा के गंगोह विधानसभा प्रभारी चौ. इंद्रसैन आज यहां सैक्टर 99 में वरिष्ठ सपा नेता समय सिंह प्रधान के आवास पर कार्यकर्ताओं की आयोजित बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सहारनपुर नगर निगम द्वारा स्मार्ट सिटी के नाम पर कराए जा रहे विकास कार्यों में धन की बंदरबांट की जा रही है। स्मार्ट सिटी के नाम पर कराए जा रहे विकास कार्यों के नाम पर सड़कों की खुदाई कर दी गई है जिससे सड़कों में जगह-जगह गड्ढे होने की वजह से दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद नगर निगम के अधिकारी कुम्भकर्णी नींद सो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनपद के अधिकांश गांवों में ग्रामीण पेयजल के नाम पर सड़कों की खुदाई कर दी गई है तथा उनकी मरम्मत नहीं कराई जा रही है जिस कारण ग्रामीणों का परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई तो सपा इसके खिलाफ आंदोलन करने का काम करेगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे जीत का लक्ष्य लेकर आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं ताकि केंद्र में पूर्ण बहुमत के साथ इंडिया गठबंधन की सरकार बनाई जा सके तथा जातिवादी व साम्प्रदायिक भाजपा का सूपड़ा साफ किया जा सके। बैठक को वरिष्ठ सपा नेता समय सिंह प्रधान ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान सपा प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन के प्रतिनिधि प्रवीन बांदूखेड़ी, मुस्तफा प्रधान नवाजपुर, नीतिश कुमार, अंकित खटाना, अनुज कुमार, पम्मी चौधरी आदि मौजूद रहे।