पुण्यतिथि पर किया पं. नेहरू का भावपूर्ण स्मरण

- सहारनपुर में पूर्व प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित करते कांग्रेसजन।
सहारनपुर [24CN] । जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आधुनिक भारत के निर्माता व देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू की 57वीं पुण्यतिथि पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया गया। स्थानीय गुरूद्वारा रोड स्थित महानगर कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली, विधायक मसूद अख्तर व महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पं. नेहरू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
तत्पश्चात गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली ने पं. नेहरू को आधुनिक भारत का निर्माता बताते हुए कहा कि पं. नेहरू द्वारा देश की आजादी के बाद जिन संस्थानों की स्थापना की गई थी, उन संस्थानों का देश के विकास में उल्लेखनीय योगदान है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. नेहरू द्वारा तैयार किया गया भारत के विकास का ब्लू प्रिंट उनके बाद की सभी सरकारों के लिए प्रेरणास्रोत बना।
चौ. मुजफ्फर अली ने केंद्र में बैठी भाजपा सरकार को लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि पं. नेहरू द्वारा स्थापित संस्थानों की नीलामी करने वाली भाजपा सरकार ने उनकी नीतियों व कार्यों को दुष्प्रचारित करके बदनाम करने की जो नीति अपनाई है, उससे साबित होता है कि इन सरकारों का देश के नागरिकों के सरोकारों से कोई मतलब नहीं है। विधायक मसूद अख्तर ने कहा कि पं. नेहरू द्वारा अपनाए गए विकास के मॉडल का अनुसरण करते हुए ही उनके बाद की सरकारों ने देश के आत्मनिर्भरता व प्रगति के मार्ग को प्रशस्त किया।
महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा ने कहा कि देश के विकास के लिए समर्पित सभी सरकारों व नागरिकों के लिए पं. नेहरू युग-युगांतर तक प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। जिला महासचिव मनीष त्यागी व जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा ने कहा कि पं. नेहरू जहां एक ओर बच्चों में देश का भविष्य देखते थे, वहीं उनके विकास मॉडल के केंद्र में देश के नौनिहालों के लिए बेहतर जीवन की परिकल्पना का सपना भी थी। अपने जीवन के अंत तक उनके सपनों को पूरा करने के लिए पं. नेहरू कार्य करते रहे। इस दौरान राकेश मोगा, धर्मपाल जोशी, यूनुस सिद्दीकी, नीरज कपिल, सचिन कुमार, सुनील कुमार उर्फ निक्कू, रिंकू जाटव आदि मौजूद रहे।