युग-युगांतर तक याद किए जाएंगे पं. नेहरू

सहारनपुर [24CN]। जिला व महानगर कांग्रेस के तत्वावधान में देश के पूर्व प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर उनका भावपूर्ण स्मरण कर कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। स्थानीय गुरूद्वारा रोड स्थित जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली, महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा, विधायक मसूद अख्तर, विधायक नरेश सैनी व पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल ने पं. नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली व महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा ने कहा कि पं. जवाहर लाल नेहरू युग-युगांतर तक देश के लिए समर्पित भाव से कार्य करने वालो के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि पं. नेहरू ने स्वतंत्रता की लड़ाई में जो बलिदान व कुर्बानी दी उसे भुलाया नहीं जा सकता। लेकिन दु:ख इस बात का है कि आज देश को आजादी दिलाने वाले देशभक्तों को अपमानित करने वाले लोगों को सरकार द्वारा सम्मानित किया जाता है।

विधायक मसूद अख्तर व नरेश सैनी ने कहा कि पं. जवाहर लाल नेहरू ने जिस समृद्ध व शक्तिशाली भारत का सपना देखा था उसे साकार करने के लिए अभी हमें और अधिक संघर्ष व परिश्रम करने की आवश्यकता है। पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल ने कहा कि पं. नेहरू ने आजादी के संघर्ष के दौरान सबसे ज्यादा दिन अंग्रेजों की जेल में बिताए, लेकिन वह घबराए नहीं। उन्होंने कहा कि पं. नेहरू ने पहले देश की आजादी के लिए और फिर देश को समृद्ध व शक्तिशाली बनाने के लिए संघर्ष किया।

कार्यक्रम को अशोक सैनी, हरिओम मिश्रा, पार्षद चंद्रजीत सिंह निक्कू, जितिन सैनी, इमरान कुरैशी, अमरदीप जैन ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान अक्षय कुमार, गुलफाम अंसारी, सचिन वर्मा, धर्मपाल जोशी, नीरज कपिल, नसीब खान, गुलशेर अहमद, साजिद अली, जमाल अहमद, सतपाल बर्मन, अनुज शर्मा, ज्ञानेश, घनश्याम, चंद्रशेखर, अमन चौधरी, जितेंद्र सैनी, सौरभ भारद्वाज, संदीप शर्मा, एस. के. अधिकारी आदि मौजूद रहे।