जल भराव के खिलाफ क्षेत्रवासियों ने नारेबाजी कर दिया धरना

- सहारनपुर में कलसिया रोड पर जलभराव के खिलाफ नारेबाजी करते क्षेत्रवासी।
सहारनपुर। जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलसिया रोड पर जल भराव को लेकर नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी कर धरना दिया तथा समस्या का समाधान न होने पर जनांदोलन चलाने की भी चेतावनी दी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला महासचिव संजय वालिया व इकराम खान के नेतृत्व में कलसिया रोड पर सड़क पर जल भराव की समस्या के खिलाफ नारेबाजी कर धरना दिया। धरने को सम्बोधित करते हुए संजय वालिया ने कहा कि स्मार्ट सिटी होने के बावजूद तथा उत्तर प्रदेश में स्वच्छता अभियान में तीसरा नम्बर हासिल करने वाला सहारनपुर कागजों तक ही सीमित है। जबकि हकीकत कुछ और है। उन्होंने आरोप लगाया कि कलसिया रोड पर पिछले दो साल से जल भराव हो रहा है जिसमें बच्चे, वृद्ध, रिक्शा चालक व ट्रैक्टर-ट्राली दुर्घटनाग्रस्त होते हैं।
उनका कहना था कि सड़क पर नाली नहीं बने होने के कारण हाल बहुत बुरा है। जबकि इस मार्ग पर हिंदू व मुस्लिम दोनों समुदायों के शमशान घाट हैं तथा लोगों को जलभराव के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। इकराम खान ने कहा कि कलसिय रोड पर दो इंटरमीडिएट स्कूल भी स्थित हैं जिनमें महानगर के साथ-साथ आसपास के गांवों के हजारों बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। इसके बावजूद नगर निगम जलभराव की समस्या की तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि यदि एक सप्ताह के अंदर नगर निगम ने समस्या के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस कार्यकर्ता नगर निगम में धरना देने को बाध्य होंगे तथा जब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाता, तब तक चुप नहीं बैठेंगे। धरने में कामरेड खुर्शीद राणा, रवि यादव, जब्बार अहमद, शादाब अहमद, सलीम खान, हाफिज मुमताज, भूरा, इरशाद, सादिक, अब्दुल हमीद, कामिल, इश्तखार हुसैन, अबरार अहमद, मुनव्वर सिद्दीकी, तहसीन, लियाकत, मोनू कश्यप, बबलू कश्यप समेत भारी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।