उद्योगों से सम्बंधित समस्याओं का कराया जाएगा समाधान: जसवंत

उद्योगों से सम्बंधित समस्याओं का कराया जाएगा समाधान: जसवंत
  • सहारनपुर में उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सैनी को ज्ञापन सौंपते आईआईए के पदाधिकारी।

सहारनपुर [24CN]। उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य व औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार उद्देश्य राज्य में उद्योगों को विकसित करना है क्योंकि जब उद्योग विकसित होगा तभी देश व प्रदेश की प्रगति होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का उद्देश्य हासिल करने में उद्यमियों से सहयोग का आह्वान किया।

संसदीय कार्य व औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सैनी आज पिलखनी स्थित औद्योगिक क्षेत्र में बन रहे कॉमन फैसेलिटी सैंटर व वुड कलस्टर के निरीक्षण के दौरान उद्यमियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आईआईए एक बड़ा औद्योगिक संगठन है। इस संगठन द्वारा सहारनपुर के औद्योगिक विकास के लिए सुझाव व पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं के सम्बंध में जो मांग पत्र दिया गया है, उस पर अमल अवश्य किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि किसी भी उद्यमी को उद्योग से सम्बंधित कोई भी समस्या है, वह उन्हें व्यक्तिगत रूप से आकर बताए उनकी समस्या का समाधान अवश्य कराया जाएगा।

आईआईए के चैप्टर चेयरमैन प्रमोद सडाना ने कहा कि राज्य सरकार ने उद्योगों के लिए बहुत ही सकारात्मक नीति बनाई गई है जिसके चलते प्रदेश में औद्योगिकीकरण का माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि के बाद एमएसएमई ही एक ऐसा सैक्टर है जो सर्वाधिक रोजगार देता है। लेकिन जनपद सहारनपुर में औद्योगिकीकरण की गति अभी भी धीमी है। इसका मुख्य कारण जनपद सहारनपुर का तीन प्रदेशों से घिरा होना है। इन तीनों राज्यों में औद्योगिकीकरण के लिए उद्योगों के लिए विशेष छूट दी जाती है।

इस दौरान औद्योगिक राज्य मंत्री जसवंत सैनी ने अम्बाला रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग के बाईं ओर राजवाहा सिंगल रोड का चौड़ीकरण कर नेशनल हाइवे तक जोड़े जाने, पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र में आने वाले अप्रोच मार्ग, यूपीसीडा पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र का भी निरीक्षण किया तथा आईआईए के चैप्टर चेयरमैन प्रमोद सडाना व कोषाध्यक्ष सुनील सैनी ने राज्यमंत्री जसवंत सैनी का अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया।

इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामजी सुनेजा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर. के. धवन, प्रमिंद्र सिंह, ऋषभ अग्रवाल, परमजीत सिंह, अशोक गांधी, अमित देवरानी, अभिषेक जैन, विजय सैनी, हुकम चंद सैनी, युद्धवीर सिंह, सागर भटनागर, अनुज जैन, राघव डंग, सोमदत्त जाटव, रजत अग्रवाल, विनोद राणा, संजय यादव, सिद्धार्थ धवन, अकबर, नवनीत सिंह, अमजद, साजिद हनपी सहित संयुक्त उद्योग आयुक्त अंजू रानी व यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार भी मौजूद रहे।