विभिन्न मांगों को लेकर बीएसए कार्यालय पर गरजे निजी स्कूल संचालक

विभिन्न मांगों को लेकर बीएसए कार्यालय पर गरजे निजी स्कूल संचालक
  • सहारनपुर में बीएसए कार्यालय पर नारेबाजी करते निजी स्कूल संचालक।

सहारनपुर [24CN]। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ के बैनर तले निजी स्कूल संचालकों ने विभिन्न समस्याओं के खिलाफ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया तथा प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा को सम्बोधित ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ से जुड़े निजी विद्यालय संचालक बेरीबाग स्थित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर एकत्र हुए तथा मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए संघ के अध्यक्ष डा. अशोक मलिक ने कहा कि निजी स्कूलों का सरकार पर एक हजार करोड़ रूपया बकाया है। यदि एक सप्ताह के अंदर बकाया धनराशि का भुगतान नहीं किया गया तो निजी स्कूल संचालक उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे तथा 24 मार्च को जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

प्रदेश सचिव अमजद अली व जिलाध्यक्ष के. पी. सिंह ने कहा कि त्रिभाषा संस्कृत अध्यापक भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। इसलिए त्रिभाषा अनुदान तत्काल बहाल किया जाए तथा मदरसा आधुनिकीकरण की तर्ज पर निजी संस्थाओं द्वारा संचालित कराकर अनुदानित कराकर मानदेय दिया जाए। महानगर अध्यक्ष गयूर आलम व महिला अध्यक्षा खदीजा तौकीर ने मांग की कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति में नि:शुल्क छात्रों का शुल्क पूर्व की भांति शिक्षण संस्था के खाते में भेजा जाए।

प्रदर्शनकारियों में अशोक सैनी, वीरेंद्र पंवार, अमजद अली, के. पी. सिंह, रविंद्र मलिक, समरीन फातमा, रविंद्र चौधरी, प्रवीण गुप्ता, हंस कुमार, शगुन, मनोज मलिक, अमरीश, वरूण कुमार, राजकुमार, आकाश कुमार, आरती, चंचल, पायल, ऋतिक आदि मौजूद रहे।