महापंचायत में निजी स्कूल संचालकों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जताया आक्रोश

महापंचायत में निजी स्कूल संचालकों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जताया आक्रोश
  • सहारनपुर में जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ के पदाधिकारी।

सहारनपुर [24CN] । उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ के बैनर तले मान्यता प्राप्त स्कूलों के शिक्षकों व संचालकों ने जिला मुख्यालय पर महापंचायत आयोजित कर प्रदेश सरकार द्वारा की जा रही अनदेखी पर रोष व्यक्त किया। तत्पश्चात जुलूस के रूप में जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर राज्यपाल को सम्बोधित ज्ञापन सौंपकर निजी स्कूलों की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।

हकीकत नगर स्थित धरना स्थल पर आयोजित महापंचायत को सम्बोधित करते हुए नगर विधायक संजय गर्ग ने कहा कि वर्तमान सरकार हर क्षेत्र में विफल है। इस सरकार ने देश के चार-पांच बड़े घरानों के अलावा कोई भी वर्ग खुश नहीं है। किसान, मजदूर से लेकर व्यापारी, शिक्षक, छात्र, गरीब व अमीर हर वर्ग दु:खी है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ मतदान कर जनता बदला लेने का काम करगी।

संघ के अध्यक्ष डा. अशोक मलिक ने कहा कि सरकार से आर्थिक राहत पैकेज चाहिए। वर्तमान भाजपा सरकार ने संस्कृत भाषा का अनुदान भी नहीं दिया है जिसके चलते उत्तर प्रदेश में संस्कृत के 800 विद्यालय बंद होने के कगार पर हैं। उन्होंने कहा कि हम निजी स्कूल संचालकों ने 25 प्रतिशत गरीब बच्चों को नि:शुल्क पढ़ाने का भी काम किया था। उसका भी सरकार पर 500 करोड़ रूपया बकाया है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही सरकार ने निजी स्कूलों की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो बड़ा आंदोलन चलाने का काम किया जाएगा।

महापंचायत को राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह, जिलाध्यक्ष राव कैसर, पश्चिमी प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा, व्यापार मंडल के अध्यक्ष बी. एस. मलिक, भाकियू के अध्यक्ष नारायण सिंह ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान महिला सभा की प्रदेशाध्यक्ष समरीन फातमा, प्रदेश सचिव अमजद अली एडवोकेट, जिलाध्यक्ष के. पी. सिंह, शामली जिलाध्यक्ष रविंद्र मलिक, महामंत्री विजय कुमार, नगराध्यक्ष खदीजा बेगम, नूर आलम, संजय शर्मा, जितेंद्र एडवोकेट, हंस कुमार, संजय शर्मा, कर्मसिंह, सरफराज खान, सलामत खान आदि मौजूद रहे।