प्रमुख सचिव ने पौधारोपण कर की मियावाकी वन की शुरूआत

- सहारनपुर में रायवाला में पौधारोपण करते जिले के प्रभारी प्रमुख सचिव रणवीर प्रसाद, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, मेयर संजीव वालियाऔर नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह आदि।
सहारनपुर [24CN] । जिले के प्रभारी प्रमुख सचिव रणवीर प्रसाद, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, मेयर संजीव वालिया, नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने आज रायवाला स्थित निगम की भूमि पर वृक्षारोपण कर जापानी पद्धति के मियावाकी वन की शुरूआत की। निगम महानगर में ऐसे दस वन और लगायेगा। प्रमुख सचिव रणवीर प्रसाद ने पूरे वन क्षेत्र का भ्रमण कर योजना की जानकारी ली। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि निगम की गौशाला के गोबर का खाद इसमें प्रयोग किया जायेगा।आज यहां करीब एक हजार पौधे लगाकर शुरुआत की जा रही है। अभी यह सिलसिला चलता रहेगा। आज अर्जुन, नीम सागौन, अमरूद, बोतल ब्रुश, सीरस, सहजन और कंजी पापड़ी आदि प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। नगरायुक्त ने निगम द्वारा ग्रीन कोष की स्थापना की भी जानकारी दी।
निगम के पर्यावरण प्लानर उमर सैफ ने बताया कि मियावाकी में तितली की 113 प्रजातियों को आकर्षित करने वाले पौधे भी लगाये जाएंगे। उन्होंने बताया कि जहां पौधे लगाए जा रहे हैं उनके नीचे हर एक मीटर की दूरी पर ट्रैंच विधि से खाद की पट्टियां बिछाई गई है ताकि पौधों को लगातार खाद मिलती रहे। प्रमुख सचिव ने ड्रिप इरिगेशन और स्प्रिंकलर सिस्टम लगाने का सुझाव दिया। उन्होंने चारों ओर एक पाथ- वे बनाने को भी कहा। डीएम अखिलेश सिंह ने निगम की उक्त पूरी जमीन पर मियावाकी वन ही विकसित करने पर जोर दिया।
राष्ट्रीय चेतना समिति के अध्यक्ष अर्चित अग्रवाल व अग्रवाल महिला संगम समिति ने निगम के ग्रीन कोष में 50-50 पौधे दान देने की घोषणा की। कार्यक्रम स्थल पर निगम की गौशाला में गौमूत्र से बनाए जा रहे फिनायल व गोबर से बनाए जा रहे जैविक खाद आदि उत्पादो का भी प्रदर्शन किया गया। पार्षद भूरा सिंह प्रजापति, साध्वी सविता आदि ने भी सुझाव दिए। इस अवसर पर सीडीओ प्रणय प्रताप सिंह , एडीएम विनोद कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश सोनी, पार्षद मुकेश गक्खड़ व मनोज जैन, मुकेश चौधरी आदि मौजूद रहे।