पिछली सरकारों ने किया पाप, जनता ने दी सजा, गोरखपुर में बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारों ने जो पाप किया था, उसकी सजा जनता ने उन्हें दे दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत लंबी छलांग लगा रहा है। ब्रिटेन को पीछे कर भारत, विश्व की पांचवीं अर्थव्यवस्था बन गया है। गोरखनाथ क्षेत्र में रविवार को नवनिर्मित झूलेलाल मंदिर का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि देश व प्रदेश में विकास की धारा बह रही है। इस विकास में सिंधी समाज का भी महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने सिंधी समाज को चालिहो महोत्सव की बधाई भी दी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज लंबी छलांग लगा रहा भारत
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत तेजी से विकास कर रहा है। वह जी-20 देशों की अध्यक्षता कर रहा है, यह भारत का सामर्थ्य है। जापान यात्रा पर गए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पैर छूकर वहां के प्रधानमंत्री ने अभिवादन किया। आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी इज द बास। अमेरिका पूरी दुनिया में दादा बनता है, वहां भी मोदी-मोदी गूंजता रहा। मिस्र, फ्रांस, यूएई में भी उनका सम्मान हुआ। दुनिया के अंदर भारत का सम्मान बढ़ा है। वैश्विक मंच पर देश को स्थान मिला है। यहां के लोग अपने को सनातनधर्मी व भारतीय कहने में संकोच करते थे, आज गर्व करते हैं।

110 प्रतिशत क्षमता से कार्य कर रहा गोरखपुर खाद कारखाना
उत्तर प्रदेश भी विकास की इस प्रक्रिया से जुड़ चुका है। गोरखपुर में खाद कारखना 110 प्रतिशत क्षमता से कार्य कर रहा है। किसी को कल्पना भी नहीं थी कि यहां एम्स बनेगा। छह साल पहले संकरी सड़कें थीं। जलभराव होता था। बिजली नहीं मिलती थी। शहर को माफिया और मच्छरों से मुक्ति मिल गई है। आज यह सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह कार्य छह वर्ष पहले और 50 साल पहले भी हो सकता था।
गोरखपुर के विकास में सिंधी समाज व नागरिकों ने कोई अड़चन नहीं आने दी। चौड़ी सड़कें और प्रकाश की व्यवस्था ने गोरखपुर को एक नया स्वरूप दिया है। झूलेलाल मंदिर चौड़ीकरण के दायरे में आया तो सिंधी समाज ने कहा कि विकास होना चाहिए। हम आस्था का नया केंद्र बनाएंगे। यह सकारात्मक सोच है। आज भगवान झूलेलाल का नया मंदिर बनकर तैयार हो गया।
सिंधी समाज प्रगतिशील है, परिश्रम उसके जीवन का हिस्सा है। इस समाज ने विषम परिस्थितियों में अपने पूर्वजों की विरासत व आस्था को संरक्षित रखा है। जिन लोगों ने इस समाज का सबकुछ छीन लिया था, वहां आज एक किलो आटा के लिए छीना-झपटी हो रही है और यहां हर सिंधी 10 लोगों के परिवार का भरण-पोषण कर रहा है। इस समाज के लोग जहां भी गए, वहां समरस हो गए। आज कोई कह नहीं सकता कि ये लोग बाहर से आए हैं।
झूलेलाल समिति के अध्यक्ष अर्जुन वालानी ने स्वागत, दीवान चंद साधवानी ने धन्यवाद ज्ञापन व लक्ष्मण नारंग ने संचालन किया। इस अवसर पर महापौर डा. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, विधान परिषद सदस्य डा. धर्मेंद्र सिंह उपस्थित थे।
