आज ओडिशा के दौरे पर रहेंगी राष्ट्रपति मुर्मू, इन तीन नई ट्रेनों को दिखाएंगी हरी झंडी

आज ओडिशा के दौरे पर रहेंगी राष्ट्रपति मुर्मू, इन तीन नई ट्रेनों को दिखाएंगी हरी झंडी

राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मू दूसरी बार अपने पैतृक गांव पहुंच रही हैं। द्रौपदी मुर्मु के राष्ट्रपति बनने के बाद रेल प्रशासन बदामपहाड़ सेक्शन को विकसित कर रही है। वर्तमान में बदामपहाड़ के लिए टाटानगर से केवल एक ही ट्रेन का परिचालन होता है। राष्ट्रपति के इस कार्यक्रम में राज्यपाल रघुवर दास केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और ओडिशा मुख्यमंत्री नवीन पटनायक शामिल रहेंगे।

जमशेदपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार सुबह बदामपहाड़ स्टेशन से तीन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी। राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मू दूसरी बार अपने पैतृक गांव पहुंच रही हैं। राष्ट्रपति के इस कार्यक्रम में ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास, केंद्रीय शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, रेल व सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, जनजातीय मामलों व जलशक्ति केंद्रीय राज्यमंत्री विश्वेश्वर टुडू सहित रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा, चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम अरुण जे राठौड़ सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

इन योजनाओं का शिलान्यास

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति अमृत भारत योजना के तहत बदामपहाड़ स्टेशन के पुर्नविकास व अन्य यात्री सुविधाओं का भी शिलान्यास करेंगी। इसके अलावा वे रायरंगपुर में नए डाक प्रमंडल सहित जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा विभिन्न परियोजनाओं का अनावरण भी करेंगी।

मालूम हो कि द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने के बाद रेल प्रशासन बदामपहाड़ सेक्शन को विकसित कर रही है। इसमें कई स्टेशनों का पुर्नविकास, रेल लाइन डबलिंग, 100 प्रतिशत विद्युतीकरण, यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी, प्लेटफार्म की लंबाई व ऊंचाई को बढ़ाने सहित कई योजनाएं शामिल हैं। वर्तमान में बदामपहाड़ के लिए टाटानगर से केवल एक ही ट्रेन का परिचालन होता है।

इन ट्रेनों का होगा परिचालन

  • 18049-18050, शालीमार-बदामपहाड़-शालीमार साप्ताहिक एक्सप्रेस
  • 18051-18052 बदामपहाड़-राउरकेला-बादामपहाड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस
  • 08147-08148 टाटानगर-बदामपहाड़-टाटानगर मेमू

पुरी लाइन से जोड़ने की है योजना :

रेल प्रशासन जल्द ही बदामपहाड़ को ईस्ट कोस्ट जोन के पुरी लाइन से जोड़ने की योजना बना रही है। इसके लिए अधिकारियों द्वारा पिछले वर्ष ही निरीक्षण कर रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को भेजी गई थी। वर्तमान में बदामपहाड़ के आगे कोई स्टेशन नहीं है। ऐसे में उक्त लाइन को बारीपदा या किसी अन्य स्टेशन से जोड़ने पर काम चल रहा है।


विडियों समाचार