पणजी। प्रमोद सावंत सोमवार को लगातार दूसरी बार गोवा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके नेतृत्व में भाजपा ने विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की है। डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में सुबह 11 बजे होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे। इस समारोह में 10,000 से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। शपथ ग्रहण समारोह का प्रसारण विभिन्न समाचार चैनलों के माध्यम से में भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के साथ कितने मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी इसके बारे में फिलहाल जानकारी नहीं दी गई है। जब इस बारे में कार्यवाहक मुख्यमंत्री सावंत से पूछा गया तो उन्होंने भी कोई जानकारी नहीं दी। यह दूसरी बार होगा जब गोवा के मुख्यमंत्री राजभवन परिसर के बजाय अन्य जगह पर शपथ लेंगे। वर्ष 2012 में मनोहर पर्रीकर ने पणजी के कैंपल मैदान में मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।
29 मार्च से शुरू हो रहा नई विधानसभा का दो दिवसीय विधानसभा सत्र
इस बीच, राज्यपाल पीएस श्रीधरन पिल्लई ने 29 मार्च से नई विधानसभा का दो दिवसीय सत्र बुलाया है। इस सत्र के दौरान सावंत को विश्वास मत हासिल करना होगा। सत्र के दौरान नए विधानसभा अध्यक्ष का भी चुनाव होगा। कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्ष ने विधायक अलेक्सो सिकेरा को विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए उम्मीवार बनाया है।
भाजपा ने 20 सीटों पर दर्ज की है जीत
हाल ही में संपन्न राज्य चुनावों में, भाजपा ने 20 सीटों पर जीत हासिल की, जो 40 सदस्यीय सदन में बहुमत से एक कम है। महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के दो विधायकों और तीन निर्दलीय विधायकों ने भाजपा को समर्थन दिया है। सावंत (48) उत्तरी गोवा के सैंकलिम से विधायक हैं। 2017 में जब मनोहर पर्रीकर के नेतृत्व में भाजपा ने अपनी सरकार बनाई तो उन्हें विधानसभा अध्यक्ष चुना गया था। पर्रीकर के निधन के बाद उन्होंने मार्च 2019 में पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।