पिछड़ा वर्ग के समर्थन से उत्तर प्रदेश में पुन: बनेगी भाजपा सरकार: प्रजापति

पिछड़ा वर्ग के समर्थन से उत्तर प्रदेश में पुन: बनेगी भाजपा सरकार: प्रजापति
  • सहारनपुर में भाजपा के पिछड़ा वर्ग सम्मेलन को सम्बोधित करते लोकेश प्रजापति।

सहारनपुर [24CN]। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष डॉ लोकेश प्रजापति ने कहा कि देश व प्रदेश की भाजपा सरकारें बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करा रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्ग की आबादी ने आज भाजपा को सातवें आसमान पर बैठा दिया है जिसकी बदौलत उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।

डा. लोकेश प्रजापति आज कस्बा बेहट के जनता इंटर कालेज के सरदार वल्लभभाई पटेल सभागार में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को विश्व में बुलंदियों पर पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भारत को विश्व गुरु बनाना है। विश्व गुरु भारत को नरेंद्र मोदी ही बना सकते हैं। उन्होंने कहा आज प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश में विकास करा कर विकास की गंगा बहाने का काम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि योगी सरकार में बदमाशों की जगह महल नहीं जेल में है। इसी वजह से आज प्रदेश का हर इंसान अमन चैन व सुकून से जी रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुन: भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

विशिष्ट अतिथि पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डा. प्रमेन्द्र जांगड़ा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश व प्रदेश को बुलंदियों पर पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि आज देश व प्रदेश में चारों तरफ विकास ही विकास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा के चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह सैनी ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता चुनाव की तैयारी में लगने का काम करें और भाजपा प्रत्याशी को जिताने का काम करें। पूर्व विधायक महावीर सिंह राणा ने कहा कि कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव में जीत के लक्ष्य को लेकर चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं ताकि उत्तर प्रदेश की नम्बर वन विधानसभा सीट से भाजपा की जीत का सिलसिला शुरू होकर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई जा सके।

सम्मेलन को पूर्व विधायक जगपाल सिह, साहब सिंह पुंडीर, जिला उपाध्यक्ष सोनेंद्र राणा, मुकेश चौधरी, ब्लाक प्रमुख चौधरी विश्वास कुमार, योगेश पुंडीर, युवा भाजपा नेता अभय राणा, विधानसभा प्रभारी देवव्रत त्यागी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन ने भी सम्बोधित किया। नीलू राणा, अमित सेन, विजय सैनी, नीरज चौहान, सुधीर राणा, अमित पुंडीर, विनय चौहान, सुभाष सैनी, मुकेश राणा, गोविंद चौधरी, रामकुमार प्रधान सुशील कम्बोज, राकेश गाबा, मोहित जैन, भारत कर्णवाल, मनोज कम्बोज, सतेद्र धीमान बंशी लाल एडवोकेट आदि उपस्थित रहे