शोभित विश्वविद्यालय गंगोह के विद्यार्थियों को भारतीय संसद के दर्शन से मिला व्यावहारिक ज्ञान

शोभित विश्वविद्यालय गंगोह के विद्यार्थियों को भारतीय संसद के दर्शन से मिला व्यावहारिक ज्ञान

गंगोह [24CN] : शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के स्कूल ऑफ लॉ एंड कांस्टीट्यूशनल स्टडीज विभाग द्वारा दिनांक 10 सितंबर 2025 को एक शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया, जिसमे छात्र एवं छात्राओं को भारतीय संसद, नई दिल्ली का भ्रमण कराया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण से विभाग के विद्यार्थियों ने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय कार्यप्रणाली और भारतीय संस्कृति से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर प्राप्त हुआ।

इस भ्रमण पर 50 छात्र-छात्राएँ तथा 3 अध्यापक– अर्जुन सिंह, राजन पंवार और हिमानी अटवाल शामिल रहे। विद्यार्थियों ने नई संसद भवन में राज्यसभा, लोकसभा, संविधान सभा का अवलोकन किया और वहाँ की आर्ट गैलरी में भारतीय संस्कृति एवं कला की विविध झलकियों को देखा। इस दौरान उन्हें संसदीय कार्यप्रणाली, विधायी प्रक्रियाओं और राष्ट्र निर्माण में संसद की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई, जिससे उनके व्यावहारिक ज्ञान में वृद्धि हुई।

शैक्षणिक भ्रमण को विश्वविद्यालय के विधि विभाग के मेंटर श्री प्रमोद कुमार गोयल (पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश) ने सराहा तथा विद्यार्थियों को बेहतर सीखने और अनुशासन बनाए रखने हेतु मार्गदर्शन किया। साथ ही विधि विभागाध्यक्ष डॉ. उस्मान उल्लाह खान ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए संसद की महत्ता की जानकारी दी।

इस शैक्षणिक यात्रा हेतु विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.(डॉ.) रणजीत सिंह व कुलसचिव प्रो.(डॉ.) महिपाल सिंह ने भ्रमण के आयोजकों को अनेक शुभकामनाएं दी। कुलसचिव प्रो.(डॉ.) महिपाल सिंह ने भ्रमण के प्रारंभिक समय पर उपस्थित होकर विद्यार्थियों को अनुशासन का पालन करने की प्रेरणा दी।

इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था, जिससे वे अपने व्यक्तित्व और योग्यता को पहचान सकें। ऐसी यात्राएँ छात्रों के बौद्धिक एवं सामाजिक विकास में सहायक सिद्ध होती हैं और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में उनकी भूमिका को प्रभावी बनाती हैं।

Jamia Tibbia