बालाजी धाम के वार्षिकोत्सव के उपलक्ष में निकाली प्रभातफेरी

- सहारनपुर में प्रभातफेरी निकालते श्रद्धालु।
सहारनपुर [24CN]। बालाजी सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित श्री बालाजी धाम के 13वें वार्षिकोत्सव के उपलक्ष में श्रद्धालुओं द्वारा प्रभातफेरी निकाली गई। प्रभातफेरी ज्वालानगर स्थित श्रीमती इंदु अरोड़ा के आवास से शुरू होकर मटियामहल गीता कालोनी व लिंक रोड होते हुए ज्वालानगर निवासी रविंद्र काठपाल के आवास पर पहुंची जहां प्रभातफेरी को विश्राम दिया गया। इससे पूर्व श्री बालाजी धाम के संस्थापक अतुल जोशी महाराज ने एक वाहन में सवार श्री बालाजी महाराज, कोतवाल कप्तान साहब तथा श्री प्रेतराज सरकार के स्वरूप के समक्ष दीप प्रज्जवलित करके किया। अतुल जोशी महाराज ने कहा कि श्रीबालाजी महाराज की कृपा जिस पर बरसती है तो वह भव से पार हो जाता है।
उन्होंने कहा कि यदि सच्चे मन से कोई भी श्रद्धालु श्री बालाजी महाराज का नाम जपता है तो श्री बालाजी महाराज उस श्रद्धालु की समस्या का निराकरण करते हैं। उन्होंने कहा कि श्री बालाजी महाराज का स्मरण करने से पहले और बाद में भगवान श्रीराम के नाम भजन कीर्तन भी किया जाना चाहिए। इससे हनुमान जी प्रसन्न होते हैं। उन्होंने कहा कि ब्रह्म मुहूर्त में भगवान का स्मरण करना बेहद लाभदायक होता है। हमारे धर्म शास्त्रों में भी ब्रह्म मुहूर्त में ईश्वर की प्रार्थना करना बताया गया है। प्रभातफेरी में शामिल श्रद्धालु भगवान श्रीराम के नारे लगाते चल रहे थे। इसके साथ ही श्रद्धालु श्री बालाजी महाराज, कोतवाल कप्तान तथा प्रेतराज सरकार के भजन गाते हुए चल रहे थे। प्रभातफेरी में प्रमोद माहेश्वरी, अखिल, प्रवीण अरोड़ा, राजा नागपाल, सजल, जौनी विज, अशोक आहुजा, अमित, पीयूष वैश्य, सचिन गुप्ता, मनोज वालिया, अजय सूरी, विवेक गुप्ता, मयंक जोशी, शरद, बंटी विजन, शुभम सैनी, गोविंद प्रसाद, अयोध्या प्रसाद आदि शामिल रहे।