त्यौहारों के मद्देनजर सहारनपुर में पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
- सहारनपुर में होली पर्व के मद्देनजर पुलिस बल के साथ पैदल गश्त करते डीआईजी एवं एसएसपी।
सहारनपुर। आगामी त्यौहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को सहारनपुर पुलिस द्वारा शहर में फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त की गई।
इस दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिहं एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिन्दंन सिंह के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/यातायात, क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम सहित भारी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस टीम द्वारा थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत घंटाघर से नेहरू मार्केट होते हुए जामा मस्जिद तक पैदल गश्त की गई। इस दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आगामी त्यौहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।
