पुलिस ने किया अंकेश हत्या का खुलासा, हत्यारोपी को भेजा जेल

सहारनपुर। देहात कोतवाली पुलिस ने एक हत्यारोपी को गिरफ्तार कर अंकेश हत्याकांड का खुलासा करने में सफलता हासिल कर ली। पुलिस ने हत्यारोपी के कब्जे से बाइक, मोबाइल व मृतक का आधार कार्ड, पैन कार्ड बरामद कर जेल भेज दिया।

एसएसपी डा. विपिन ताड़ा ने पुलिस लाईन सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि 1 अप्रैल को कोतवाली देहात क्षेत्रांतर्गत गांव मंशापुर निवासी किरणपाल पुत्र सुखपाल ने थाने में सूचना दी थी कि एक अज्ञात व्यक्ति का अधजला शव गांव मंशापुर के शमशान घाट में पड़ा हुआ है। इस सम्बंध में देहात कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था।

एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने मृतक के फोटो को सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल करते हुए आसपास के गांव में शिनाख्त कराई तो मृतक की पहचान अंकेश पुत्र परदेशी निवासी ज्ञानागढ़ कोतवाली देहात के रूप में की गई। परिजनों ने बताया कि 31 मार्च की शाम अंकेश अपने दोस्त के साथ गया था तथा वापस नहीं आया। पुलिस ने आज अंकेश की हत्या को अंजाम देने वाले एक आरोपी पंकज पुत्र तेजपाल निवासी कृष्णा सिटी कालोनी बेहट रोड कोतवाली देहात को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान दबोचे गए आरोपी ने खुलासा किया कि गांव ज्ञानागढ़ में उसकी बुआ है तथा वह भी गांव ज्ञानागढ़ में किराए पर रहते थे। वर्तमान में कृष्णासिटी कालोनी में रहते हैं। ज्ञानागढ़ में आने-जाने के दौरान उसकी अंकेश से दोस्ती हो गई थी जो शराबी किस्म का व्यक्ति था। कुछ दिन पूर्व उसने मृतक से 15 हजार रूपए उधार लिए थे जो बार-बार अपने पैसे मांग रहा था तथा जगह-जगह पैसे के लिए जलील करता था। इसी से क्षुब्ध होकर मैंने योजना बनाकर अंकेश की मंशापुर में राजवाहे की पटरी पर गला दबाकर हत्या कर दी थी तथा थिनर से उसका चेहरा जला दिया था। पुलिस ने आरोप का चालान काटकर जेल भेज दिया।