पुलिस ने ज्वैलर्स की दुकान में चोरी का खुलासा, तीन बदमाश दबोचे

बेहट [24CN] । बेहट कोतवाली पुलिस ने एक सप्ताह पूर्व सुनार की दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल शर्मा ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव नौगांवा निवासी सचिन कुमार ने बेहट कस्बे के मौहल्ला खालसा में ज्वैलर्स की दुकान कर रखी है। विगत 12 दिसम्बर की रात्रि में अज्ञात चोरों ने सचिन की दुकान से शटर उखाड़कर लाखों रूपए कीमत के आभूषण व नगदी चोरी कर ली थी। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक देहात अतुल शर्मा ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना किया था तथा मामले का खुलासा करने को टीम गठित की थी। एसपी देहात अतुल शर्मा के नेतृत्व में कोतवाली प्रभारी अमित मिश्रा, स्वाट प्रभारी जयवीर सिंह, सर्विलांस प्रभारी अजब सिंह, अभ्सिूचना विंग प्रभारी अजय गौड लगातार घटना का खुलासा करने में जुटे थे।

एसपी देहात श्री शर्मा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राकेश उर्फ काका पुत्र जयसिंह, टिंकू पुत्र महावीर निवासीगण शाहपुर हुसैन मलकपुर थाना बेहट, मोनू पुत्र कुशलपाल निवासी पिलखना बक्कार थाना सरसावा, गांव हुसैन मलकपुर रोड स्थित एक बाग में चोरी के सामान का बंटवारा कर रहे हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों बदमाशों को मौके से गिरफ्तार कर लिया तथा चोरी किए गए लाखों रूपए जेवरात बरामद कर लिए। पुलिस ने तीनों बदमाशों के खिलाफ वांछित धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया। एसपी देहात ने बताया कि दबोचे गए बदमाशों के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।