पुलिस ने दबोचे तीन लुटेरे, लूट का माल बरामद
- सहारनपुर में नानौता पुलिस द्वारा दबोचे गए लुटेरे।
नानौता [24CN] । थाना नानौता पुलिस ने तीन शातिर लुटेरों को दबोचकर उनके कब्जे से लूटे गए मोबाइल व नगदी बरामद कर जेल भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार थाना गागलहेड़ी क्षेत्रांतर्गत गांव सद्दा माजरा निवासी दीपक कुमार पुत्र धनीराम ने थाना नानौता में सूचना दी थी कि बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों द्वारा तमंचा दिखाकर उसके दो मोबाइल फोन व 1900 रूपए की नगदी लूट ली है। इस सम्बंध में थाना नानौता में मुकदमा दर्ज किया गया था।
आज थाना नानौता पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर भोजपुर नहर पुल से चंदेना मान की ओर जाने वाले रास्ते से तीन लुटेरों हर्ष पुत्र वीर सिंह, शिवम पुत्र सुभाष व प्रशांत पुत्र रामभूल निवासीगण गांव चंदेना मान थाना थानाभवन जनपद शामली को गिरफ्तार कर लिया तथा आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल, 19 रूपए की नगदी, दो तमंचे 315 बोर मय दो जिंदा कारतूस व लूट में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली।
थाना प्रभारी शौवीर नागर ने बताया कि पूछताछ के दौरान दबोचे गए आरोपियों ने बताया कि विगत दिवस हमने एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति से तमंचा दिखाकर दो मोबाइल फोन व 1900 रूपए की लूट की थी। इसके बाद हमने अपना-अपना हिस्सा बांट लिया था। उन्होंने बताया कि लूट के दौरान प्रशांत बाइक चला रहा था तथा शिवम व हर्ष पीछे बैठे थे। हर्ष के हिस्से में 1200 रूपए आए थे, शिवम के हिस्से में लूटा गया सैमसंग का बड़ा मोबाइल आया था तथा प्रशांत के हिस्से में लूटा गया सैमसंग का छोटा मोबाइल व 700 रूपए आए थे जो पुलिस ने बरामद कर लिया। उन्होंने बताया कि वह लूट करने की नीयत से नहर पटरी पर खड़े थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
