पुलिस अधिकारियों ने किया यातायात माह 2025 का भव्य शुभारम्भ
- सहारनपुर में पुलिस लाईन परिसर में आयोजित यातायात माह-2025 कार्यक्रम का मंचीय दृश्य एवं जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते डीआईजी, डीएम एवं एसएसपी।
सहारनपुर। मंडल के अधिकारियों ने यातायात माह-2025 का शुभारम्भ जन जागरुकता रैली को हरि झंडी को रवाना कर किया तथा आम जनमानस से यातायात के नियमों का पालन करने का आह्वान किया ताकि सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी मनीष बंसल व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष ने हरी झण्डी दिखाकर यातायात जागरूकता रैली को रवाना किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने कहा कि ओवर स्पीड व ओवर लोड के चलते अनेक सडक़ दुर्घटना होती है । उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों को वाहन चलाते समय हेलमेट लगाना चाहिए, क्योंकि जब हैलमेट न लगाने पर पुलिस चालान काटते हैं तो उन्हें स्वयं भी हैलमेट लगाना चाहिए। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने नागरिकों से अपील की कि सडक़ सुरक्षा अभियान में सक्रिय सहयोग देकर एक अनुशासित यातायात संस्कृति का निर्माण करें।’
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल एक कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि यह जीवन की रक्षा का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक नागरिक को सडक़ पर जिम्मेदार व्यवहार अपनाना चाहिए ताकि किसी की असावधानी किसी और के जीवन के लिए खतरा न बने। पुलिस अधीक्षक यातायात सिद्धार्थ वर्मा नें कहा कि यातायात माह प्रतिवर्ष नवम्बर माह में मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य आमजन में यातायात नियमों के पालन, सडक़ सुरक्षा एवं जिम्मेदार ड्राइविंग के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। जन-जागरूकता गतिविधियाँ’ यातायात माह के अंतर्गत जनपद भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल ने कहा कि सडक़ सुरक्षा हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमों का पालन कर हम स्वयं की और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं। इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक मनोज यादव पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम मुनीश चंद्र पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर प्रिया यादव प्रोग्रेसिव स्कूल्स सोसाइटी के संयोजक सुरेन्द्र चैहान यातायात प्रभारी अमित तोमर के अलावा मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ योगेन्द्र दुधेरा ने किया।
