पुलिस ने किया ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रूपए की साइबर ठगी की घटना का खुलासा
- सहारनपुर में थाना साइबर क्राइम पुलिस द्वारा दबोचा गया आरोपी एवं जानकारी देते एसपी सिटी।
सहारनपुर। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रूपए की साइबर ठगी की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर जालसाज को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 27 हजार रूपए की नगदी, विदेशी करेंसी, 13 चैक बुक, एक स्मार्ट फोन एवं एक टैब बरामद करने में सफलता हासिल कर ली।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने पुलिस लाईन सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि विगत 16 फरवरी को पीड़ित अंशुल गुप्ता पुत्र प्रदीप कुमार गुप्ता प्रोपराइटर फर्म मंगलम एंटरप्राइजेज बेहट रोड, कुष्ट आश्रम के सामने थाना कोतवाली देहात ने लिखित तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा ट्रेडिंग के नाम पर 1 करोड़, 31 लाख 25 हजार 2 सौ रूपए का निवेश कराकर कम समय में अधिक मुनाफा कमाने को कहा था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी थी।
एसपी सिटी श्री बिंदल ने बताया कि थाना साइबर क्राइम पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक इंद्रेश कुमार, उपनिरीक्षक पीयूष सिवाच, उपनिरीक्षक हेमंत भारती के नेतृत्व में मुकदमा उपरोक्त कार्यवाही करते हुए ट्रेडिंग के नाम पर 1.31 करोड़ रूपए की साइबर ठगी करने वाले शातिर जालसाज भूपेंद्र पुत्र रूपसिंह निवासी 16बी न्यू कालोनी खातीपुर थाना वैशाली जिला जयपुर राजस्थान को धर्मशाला हिमाचल प्रदेश के एक होटल के कमरे से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 25 हजार 650 रूपए की नगदी, पांच विदेशी नोट, एक नोट पैड, दो स्मार्ट फोन, 13 अलग-अलग बैंकों की चेक बुक, 22 डेबिट कार्ड व एक वोटर आईडी, 4 फ्लाइट टिकट व 2 अलग-अलग कम्पनियों की मोहर बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी का धारा-318(4), 319(2) बीएनएस व 66डी आईटी एक्ट में चालान कर जेल भेज दिया।
