पुलिस ने किया अनुज हत्याकांड का खुलासा, हत्यारोपी को भेजा जेल

पुलिस ने किया अनुज हत्याकांड का खुलासा, हत्यारोपी को भेजा जेल
  • सहारनपुर में सरसावा पुलिस द्वारा दबोचा गया हत्यारोपी।

सरसावा [24CN]। थाना सरसावा पुलिस ने एक हत्यारोपी को गिरफ्तार कर अनुज हत्याकांड का खुलासा करने में सफलता हासिल कर ली। अपनी बहन से बात करने से नाराज होकर आरोपी ने ही अनुज की हत्या को अंजाम दिया था।

पुलिस उपाधीक्षक नकुड़ अरविंद सिंह पुंडीर ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि विगत 27 मई की रात्रि में अज्ञात व्यक्ति द्वारा अनुज पुत्र सतीश निवासी कुम्हारहेड़ा थाना सरसावा की हत्या कर उसका शव एक कालोनी के पास फेंक दिया था। इस सम्बंध में मृतक अनुज के मामा सोनीलाल की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि आज थाना सरसावा पुलिस ने थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह व उपनिरीक्षक रईस अहमद के नेतृत्व में सरसावा-गंगोह रोड स्थित हाईवे पुल के नीचे हत्या की घटना को अंजाम देने वाले एक आरोपी रजत पुत्र विनोद निवासी कुम्हारहेड़ा थाना सरसावा को दबोचकर उसके कब्जे से आला कत्ल ईंट बरामद कर ली।

सीओ श्री पुंडीर ने बताया कि पूछताछ में आरोपी रजत ने अपने जुर्म का इकबाल करते हुए बताया कि मृतक अनुज बार-बार मना करने के बाद भी मेरी बहन से फोन पर बराबर बात करता था जो मुझे पसंद नहीं था। इस कारण मैंने अनुज की हत्या की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने हत्यारोपी रजत का चालान काटकर जेल भेज दिया।