पुलिस ने किया लूट की घटना का खुलासा, 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर बरामद की लाखों की नगदी

पुलिस ने किया लूट की घटना का खुलासा, 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर बरामद की लाखों की नगदी
  • सहारनपुर में लाखों रूपए की लूट का खुलासा करते एसएसपी व दबोचे गए आरोपी।

सहारनपुर। कोतवाली नकुड़ पुलिस ने 5 शातिर लुटेरों को दबोचकर बाइक सवारों के साथ हुई लूट की घटना का खुलासा करने में सफलता हासिल कर ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रूपए की नगदी, अवैध असलाह व घटना में प्रयुक्त बाइकें बरामद कर जेल भेज दिया।

एसएसपी डा. विपिन ताड़ा ने पुलिस लाईन सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि विगत 17 अप्रैल को वादी आरिफ पुत्र इकराम निवासी नया गांव थाना नकुड़ अपना प्लाट बेचकर 2 लाख 55 हजार रूपए की नगदी लेकर गंगोह से गांव वापस जा रहा था तभी रास्ते में गंगोह नकुड़ रोड पर सैय्यद के भट्टे के पास दो बाइकों पर सवासर 4 बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे नगदी लूट ली थी। इस सम्बंध में नकुड़ कोतवाली में वांछित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

एसएसपी ने बताया कि आज नकुड़ कोतवाली पुलिस ने थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद वशिष्ठ, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेश कुमार व उपनिरीक्षक बीरबल सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने लूट की योजना बनाने वाले मास्टर माइंड शाहिद पुत्र मौहम्मद इस्लाम निवासी मौहल्ला अनारकली कस्बा व थाना गंगोह तथा लूट की घटना को अंजाम देने वाले जुनैद उर्फ नवाब पुत्र इसरार उर्फ साना, अब्दुल आहद पुत्र जिंदा हसन, अब्दुल रहीम, पुत्र खालिद निवासीगण मौहल्ला किला कस्बा अम्बेहटा पीर थाना नकुड़ तथा रिजवान पुत्र गफूर निवासी मौहल्ला इलाही बख्श कस्बा व थाना गंगोह को दबोचकर उनके कब्जे से लूटे गए 1 लाख 95 हजार रूपए, घटना में प्रयुक्त दो बिना नम्बर की बाइक, एक तमंचा 315 बोर, मय एक जिंदा कारतूस बरामद कर लिया।

एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में शाहिद ने बताया कि उसका अपने पिता इस्लाम से विवाद चल रहा था। वह अपनी पत्नी को लेकर सहारनपुर रहने लगा था तथा रूपए की जरूरत होने पर अपने पिता से लगातार रूपयों की मांग कर रहा था। मुझे पता चला था कि मेरे पिता मुझे रूपए देने की बजाए प्लाट खरीद खरीद रहे हैं और प्लाट विक्रेता आरिफ पुत्र इकराम को 2 लाख 60 हजार रूपए देने हैं तभी मैंने अपने साथियों जुनैद उर्फ नवाब, रिजवान, अब्दुल अहमद व अब्दुल रहीम के साथ मिलकर लूट की योजना बना ली थी। उसने बताया कि विगत 17 अप्रैल को आरिफ हमारे घर से पैसे लेकर जैसे ही निकला तो मैंने अपने साथी रिजवान को व्हाट्सऐप कॉल करके आरिफ के बारे में जानकारी दे दी थी। इसके बाद मेरे चारों साथियों ने दो बाइकों पर सवार होकर तमंचे के बल पर आरिफ से 2 लाख 55 हजार रूपए लूट लिए थे।

उन्होंने बताया कि लूट की घटना करने के बाद हम पांचों अम्बेहटा पीर में तालाब के किनारे बने नीलग्रो के कब्रिस्तान में एकत्र हुए थे जहां जुनैद ने पैसों का बंटवारा नहीं किया था। विगत दिवस हमें पुन: कब्रिस्तान पर एकत्र हुए थे जहां जुनैद ने रूपयों का सही बंटवारा नहीं किया था। इस कारण आज हम पुन: लूट के पैसों का बंटवारा करने कब्रिस्तान में एकत्र हुए थे तभी पुलिस ने दबोच लिए। एसएसपी ने लूट का खुलासा करने वाली पुलिस को 25 हजार रूपए का नकद पुरस्कार देने की भी घोषणा की है।