shobhit University Gangoh
 

पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचे दो शातिर बदमाश, दो फरार

पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचे दो शातिर बदमाश, दो फरार
  • सहारनपुर में रामपुर मनिहारान पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी व जानकारी देते एसपी सिटी।

सहारनपुर [24CN]। कोतवाली रामपुर मनिहारान पुलिस व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों को दबोचकर ढाबा मालिक को गोली मारकर घायल करने की घटना का खुलासा करने में सफलता हासिल कर ली।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक व अवैध असलाह बरामद कर जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक नगर राजेश कुमार सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते बताया कि कोतवाली रामपुर मनिहारान क्षेत्रांतर्गत दिल्ली-सहारनपुर हाइवे स्थित शाकम्भरी देवी होटल के मालिक सुरेंद्र सैनी को अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारकर घायल करने के मामले में रामपुर मनिहारान थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामले के खुलासे के लिए थाना रामपुर मनिहारान व क्राइम ब्रांच की टीम गठित की गई थी। उन्होंने बताया कि आज रामपुर मनिहारान कोतवाली पुलिस व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर शिवदासपुर की पुलिया पर बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में दो शातिर बदमाशों तसव्वर पुत्र मंसूर निवासी गुज्जरवाड़ा थाना देवबंद व शोएब पुत्र शौकत निवासी लंढौरा गुर्जर थाना रामपुर मनिहारान को अवैध तमंचे व बाइक के सहित गिरफ्तार कर लिया। जबकि उनके दो अन्य साथी फरार होने में सफल रहे।

एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी शोएब ने खुलासा किया कि 7 जनवरी की रात्रि उसने अपने साथी फैजान, तसव्वर व तालिब के साथ मिलकर दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर थाना नानौता क्षेत्रांतर्गत नवनिर्मित पेट्रोल पम्प से जनरेटर के आर्मेचर से ताम्बा चोरी कर वापस लंढौरा गुर्जर आ रहे थे। बारिश होने के कारण मोबाइल को बचाने के लिए होटल मालिक से पॉलिथीन मांगने पर उसके साथ झगड़ा हो गया था जिस पर उन्होंने होटल मालिक को गोली मार दी थी। एसपी सिटी ने बताया कि दबोचे गए आरोपियों का वांछित धाराओं में चालान काटकर जेल भेज दिया।

Jamia Tibbia