पुलिस ने मुठभेड़ में घायलावस्था में दबोचे दो शातिर गौकश
- सहारनपुर में देहात कोतवाली पुलिस द्वारा घायलावस्था में दबोचे गए दो शातिर गौकश।
सहारनपुर। थाना देहात कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गौकशी के मुकदमे में वांछित चल रहे दो शातिर गौकशों को घायलावस्था में गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध असलाहव बिना नम्बर प्लेट लगी मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल कर ली।
जनपद पुलिस ने एसएसपी अभिनंदन सिंह के निर्देश पर अपराधों पर अंकुश लगाने एवं अपराधों में संलिप्त अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रात्रि के समय थाना देहात कोतवाली पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक सुनील नागर, उपनिरीक्षक नरेंद्र भड़ाना व उपनिरीक्षक बलराम सिंह के नेतृत्व में आसनवाली पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम पीकी की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए।
संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने संदिग्धों को रूकने का इशारा किया तो वे मोटरसाइकिल को मोड़कर जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायर करते हुए ग्राम पीकी की तरफ जाने वाले रास्ते पर भागने लगे। पुलिस ने भी बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर जाकर बदमाशों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। पुलिस को अपने नजदीक आता देख बदमाशों ने पुनः पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी तथा आम के बाग में भागने लगे। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए जिनकी पहचान नाजिम व अय्यूब पुत्रगण कयूम निवासीगण पांडौली थाना नागल के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस 315 बोर व एक बिना नम्बर प्लेट लगी मोटरसाइकिल बरामद कर ली। दबोचे गए आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं जिनके खिलाफ क्रमशः अलग-अलग थानों में विभिनन मामलों में 17 व 4 मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों गौकशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
