अवैध शराब की कसीदगी करते पुलिस ने दबोचा आरोपी, उपकरण बरामद
- सहारनपुर में रामपुर मनिहारान पुलिस द्वारा पकड़ा गया शराब तस्कर व बरामद उपकरण।
रामपुर मनिहारान। कोतवाली रामपुर मनिहारान पुलिस ने शराब की कसीदगी करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से कच्ची शराब, लहन व शराब बनाने के उपकरण बरामद कर लिए।
मिली जानकारी के अनुसार रामपुर मनिहारान कोतवाली पुलिस ने थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक कपिल देव, उपनिरीक्षक नितिन कुमार, अरविंद कुमार व जसवीर सिंह के नेतृत्व में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गांव घाटेड़ा के पास से एक आरोपी राहुल पुत्र जयकरण गुर्जर निवासी गांव रिसपुर थाना सनौली जनपद पानीपत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से 8 लीटर कच्ची शराब, 350 लीटर लहन, शराब बनाने के उपकरण बरामद कर लिए। जबकि उसका एक अन्य साथी रोबिन पुत्र सतपाल निवासी घाटेड़ा थाना रामपुर मनिहारान मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा-60(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी राहुल ने बताया कि वह कबड्डी कोच है। पूर्व में पानीपत में कबड्डी सिखाता था। अब रामपुर मनिहारान में बच्चों को कबड्डी की ट्रेनिंग देता है। आरोपी ने बताया कि उसके पास कबड्डी सीखने के लिए सुषमा पत्नी सतपाल कश्यप निवासी घाटेड़ा थाना रामपुर मनिहारान की लड़की आती थी। मैं उसी की जान पहचान से सुषमा के घर रहने लगा था। वहीं पर मेरी जान पहचान सुषमा के पुत्र रोबिन से हुई।
रोबिन व उसकी मां सुषमा पूर्व में भी कच्ची शराब निकालते थे तथा जेल भी जा चुके थे। रोबिन ने मुझे बताया था कि इस काम में अच्छा मुनाफा होता है तथा जो भी मुनाफा होगा उसे आपस में बांट लेंगे। इस कारण मैं रोबिन की बातों में आकर सुषमा के घर रहकर इस धंधे में संलिप्त हो गया था। पुलिस ने आरोपी का चालान काटकर जेल भेज दिया।
