पुलिस ने मुठभेड़ में घायलावस्था में दबोचा एक वांछित आरोपी, दूसरा फरार
- सहारनपुर में मंडी पुलिस द्वारा घायलावस्था में गिरफ्तार किया गया वांछित आरोपी।
सहारनपुर। मंडी कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ में हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित आरोपी को घायलावस्था में गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक तमंचा, दो खोखा व एक जिंदा कारतूस 315 एवं एक बिना नम्बर प्लेट लगी मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल कर ली। जबकि दूसरा बदमाश फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार मंडी कोतवाली पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक रोजंत त्यागी व उपनिरीक्षक विकास चारण के नेतृत्व में संकलापुरी रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौराने से सामने से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार दोनों युवकों को रूकने का इशारा किया तो संदिग्ध बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए आगे निकलकर कच्चे रास्ते की तरफ मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने भी बदमाशों का पीछा किया।
इसी दौरान बदमाशों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़ी। पुलिस को नजदीक आता देख बदमाशों ने पुनः पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ फायरिंग की जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया जिसे पुलिस ने बल प्रयोग कर दबोच लिया। जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा जिसकी तलाश में पुलिस काफी देर तक काम्बिंग करती रही परंतु उसका कहीं कुछ पता नहीं चल सका।
घायल बदमाश की पहचान सागर पुत्र मीशूराम निवासी दुर्गापुरी कालोनी मौहल्ला मूंगागढ़ थाना मंडी के रूप में हुई। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार दबोचा गया बदमाश शातिर किस्म का अपराधी है जिसके खिलाफ विभिनन थानों में अलग-अलग मामलों मंे संगीन मुकदमें दर्ज हैं।
