पुलिस ने मुठभेड़ में घायलावस्था में दबोचा शातिर गौकश, दूसरा फरार
- सहारनपुर में चिलकाना पुलिस द्वारा घायलावस्था में दबोचा गया शातिर गौकश।
सहारनपुर। थाना चिलकाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक हिस्ट्रीशीटर गौकश को घायलावस्था में गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस 315 बोर, गौकशी के उपकरण व जिंदा गौवंश बरामद कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार थाना चिलकाना पुलिस देर रात उपनिरीक्षक विनोद कुमार व उपनिरीक्षक सुखवीर सिंह के नेतृत्व में ग्राम बुड्ढाखेड़ा से संगमौर जाने वाले रास्ते पर परागपुर के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम परागपुर से ग्राम घाटहेड़ा जाने वाले रास्ते पर बाग में कुछ लोग गौकशी करने वाले हैं। चिलकाना पुलिस तुरंत मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंची जहां एक बाग में आम के पेड़ के पास दो व्यक्ति व एक गौवंश दिखाई दिया। पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को ललकारा तो उन्होंने जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की जिसमें एक बदमाश दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया जिसे पुलिस ने बल प्रयोग कर दबोच लिया। जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने फरार बदमाश की तलाश में काफी देर तक काम्बिंग भी की परंतु उसका कहीं पता नहीं लग सका। दबोचे गए घायल बदमाश की पहचान उस्मान उर्फ मानी पुत्र नानू निवासी कमेला कालेानी थाना कुतुबशेर हाल निवासी ग्राम बुड्ढाखेड़ा थाना चिलकाना के रूप में हुई। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस 315 बोर, गौकशी के उपकरण, तीन छूरी, दो कुल्हाड़ी व एक जिंदा गौवंश बरामद कर लिया। दबोचा गया बदमाश शातिर किस्म का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
