अवैध शराब के साथ पुलिस ने पकड़ा एक आरोपी, भेजा जेल

अवैध शराब के साथ पुलिस ने पकड़ा एक आरोपी, भेजा जेल
  • सहारनपुर में रामपुर मनिहारान पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया शराब तस्कर।

रामपुर मनिहारान। कोतवाली रामपुर मनिहारान पुलिस ने एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध कच्ची शराब बरामद कर ली।

मिली जानकारी के अनुसार रामपुर मनिहारान कोतवाली पुलिस ने थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा व उपनिरीक्षक जसवीर सिंह के नेतृत्व में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर शराब तस्कर सेठपाल पुत्र रतन सिंह कश्यप निवासी घाटेड़ा कोतवाली रामपुर मनिहारान को दबोचकर उसके कब्जे से पांच लीटर कच्ची शराब बरामद कर ली।

थाना प्रभारी नरेंद्र शर्मा ने बताया कि दबोचा गया आरोपी सेठपाल पूर्व में भी कई बार कच्ची शराब बनाते हुए जेल जा चुका है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा-60(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।

गौरतलब है कि रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र में गांव घाटेड़ा अवैध शराब बनाने का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। इससे पूर्व भी अनेक बार कई आरोपी अवैध शराब बनाने व बेचने के आरोप में जेल जा चुके हैं। बताया जाता है कि आरोपी सेठपाल की बेटियों व दामादों की पुलिस विभाग में तैनाती के कारण उसके हौंसले बुलंद हैं जिस कारण कई बार जेल जाने के बावजूद भी आरापी द्वारा अवैध शराब की कसीदगी के काम को अंजाम दिया जा रहा था।