हस्ताक्षर अभियान को रोकने के लिए युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव वर्मा को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट

हस्ताक्षर अभियान को रोकने के लिए युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव वर्मा को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट
सहारनपुर में पुलिस की घेराबंदी में बैठे युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष व अन्य कांग्रेसजन।

सहारनपुर। युवा कांग्रेस के वोट चोर, गद्दी छोड़ नारे के साथ होने वाले हस्ताक्षर अभियान को रोकने के लिए युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव वर्मा को उनके आवास विकास स्थित निवास पर हाउस अरेस्ट किया गया।

उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के आवाहन पर आज युवा कांग्रेस ने वोट चोरी के विरुद्ध एक हस्ताक्षर अभियान कार्यक्रम का ऐलान किया था, जिसे रोकने के लिए आज प्रात: काल से ही युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव वर्मा के घर पर पुलिस ने डेरा डाल दिया और गौरव वर्मा को हाउस अरेस्ट कर लिया गया, जिसकी सूचना मिलते ही वरिष्ठ कांग्रेस नेतागण गौरव वर्मा के आवास विकास स्थित निवास पर पहुंचने लगे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने कांग्रेस नेताओं की एक न सुनी और समाचार लिखे जाने तक भी गौरव वर्मा को हाउस अरेस्ट करके रखा हुआ है। गौरव वर्मा ने इसे लोकतंत्र की हत्या बताते हुए कहा की भाजपा सरकार सत्ता के नशे में चोर होकर अपने विरोधियों के शांतिपूर्ण आंदोलन और कार्यक्रमों को बाधित कर लोकतंत्र की हत्या कर रही है, जो कि संविधान के विरुद्ध है।

गौरव वर्मा ने कहा कि सरकार के इस रवैया से लगता है कि जनहित की नीतियों से विरक्त हुई भाजपा सरकार, संविधान व लोकतंत्र की रक्षा हेतु प्रतिबद्ध कांग्रेस एवं विपक्ष की आवाज को दबाकर जनता से सच छुपाना चाहती है, लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे, हमारा यह संघर्ष जारी रहेगा और भविष्य में भी हम अपने कार्यक्रमों को लेकर जनहित में जनता के बीच जाते रहेंगे। पूर्व प्रदेश सचिव प्रवीण चैधरी, जिला उपाध्यक्षगण वरुण शर्मा व सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू ने इसे भाजपा सरकार की तानाशाही बताते हुए लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बताया। उन्होंने कहा कि जब भी कांग्रेस सडक़ों पर उतरकर संघर्ष का ऐलान करती है तो भाजपा सरकार इससे घबराकर कांग्रेस के नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लेती है।

उन्होंने कहा कि हम भाजपा सरकार की इस गैरसंवैधानिक व लोकतंत्र विरोधी परंपरा का विरोध करते हैं। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष गौरव वर्मा के निवास पर पहुंचने वालों में मुख्य रूप से पूर्व प्रदेश सचिव प्रवीण चैधरी, जिला उपाध्यक्षगण वरुण शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, पीसीसी सदस्य अक्षय चैधरी, जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्षगण अनिरुद्ध गुरुंग, राजीव बत्रा, राजन बिरला, शार्दुल चैहान, सोनू, अंकुर शर्मा आदि शामिल रहे।