पुलिस ने मुठभेड़ में एक घायल समेत दो बदमाश किए गिरफ्तार, 2.80 लाख रुपये की नगदी व हथियार किए बरामद
- सहारनपुर में फतेहपुर पुलिस द्वारा घायलावस्था में दबोचा गया बदमाश।
सहारनपुर। थाना फतेहपुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक घायल समेत दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 2,80,000 रुपये, दो तमंचे, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
थाना फतेहपुर पुलिस गंगाली मोड़ पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम राजपुर में पशु व्यापारी से लूट करने वाले बदमाश गंगाली की ओर से आ रहे हैं। कुछ ही देर बाद एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश की पहचान शुभम पुत्र धनप्रकाश निवासी ग्राम लडवा, थाना कोतवाली देहात, सहारनपुर के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और लूटे गए 1,50,000 रुपये बरामद हुए।
पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान दूसरे बदमाश अंकित पुत्र मांगेराम निवासी ग्राम चम्पावास, थाना बेहट, सहारनपुर को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, लूटे गए 1,30,000 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी हाल ही में ग्राम राजपुर में पशु व्यापारी से लूट की घटना में शामिल थे।
