पुलिस ने प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों को किया गिरफ्तार, रिहा

- सहारनपुर में प्रियंका गांधी की रिहाई की मांग को लेकर गिरफ्तारी देते कांग्रेसजन।
सहारनपुर [24CN]। जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेसजनों ने लखीमपुर खीरी में भाजपा सांसद के बेटे की गाड़ी से हुई किसानों की मौत के मामले में प्रदेश सरकार द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी न किए जाने व कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने के विरोध में जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली व महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन कर गिरफ्तारी दी। पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारी कांग्रेसजनों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन में बनी अस्थाई जेल में ले जाया गया, जहां से उन्हें रिहा कर दिया गया।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत कांग्रेसजन जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली व महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पर एकत्र हुए जहां उन्होंने लखीमपुर खीरी में भाजपा सांसद अजय मिश्रा के बेटे की गाड़ी से कुचलकर हुई किसानों की मौत के मामले में अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी न होने तथा कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने के विरोध में जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली ने कहा कि लखीमपुर खीरी में भाजपा सांसद के बेटे की गाड़ी से किसानों को कुचलने का जो वीडियो सामने आया है, उससे मानवता भी शर्मसार हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को अविलम्ब आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ-साथ केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्त करना चाहिए।
महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा ने कहा कि भाजपा की प्रदेश सरकार किसान विरोधी है। लखीमपुर खीरी में आठ किसानों की मौत होने के बावजूद अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार न किया जाना भाजपा सरकार की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगाता है क्योंकि आरोपी सत्तारूढ़ भाजपा से जुड़े हुए हैं। इसलिए सरकार आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य जावेद साबरी ने कहा कि प्रदेश सरकार को अविलम्ब आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए तथा पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच करने के साथ-साथ पीडि़तों के परिवार को एक-एक करोड़ रूपए मुआवजा व परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी मिलनी चाहिए।
साथ ही आरोपियों को इतनी कठोर सजा मिलनी चाहिए कि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की घटना को अंजाम देने की पुनरावृत्ति न कर सके। प्रदर्शनकारियों को पुलिस अधीक्षक नगर राजेश कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक द्वितीय दुर्गाप्रसाद तिवारी व कोतवाली सदर बाजार प्रभारी हरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने हिरासत में ले लिया तथा सभी को पुलिस के वाहनों में बैठाकर पुलिस लाईन स्थित अस्थाई जेल में लाया गया जहां कुछ समय बाद सभी कांग्रेसजनों को रिहा कर दिया। गिरफ्तारी देने वालों में पूर्व जिलाध्यक्ष शशी वालिया, गणेश दत्त शर्मा, पार्षद चंद्रजीत सिंह निक्कू, नीरज कपिल, प्रवीण चौधरी, नसीब खान, संजय वालिया, नितिन शर्मा, आरिफ खान आदि सहित सैंकड़ों कांग्रेसजन शामिल रहे।