पुलिस ने एक महिला समेत गिरफ्तार किए एटीएम में चोरी का प्रयास करने वाले चार आरोपी

पुलिस ने एक महिला समेत गिरफ्तार किए एटीएम में चोरी का प्रयास करने वाले चार आरोपी
  • सहारनपुर में सदर बाजार पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी एवं जानकारी देते एसपी सिटी व्योम बिंदल।

सहारनपुर। थाना सदर बाजार पुलिस ने एटीएम में चोरी करने का प्रयास करने वाले एक महिला समेत चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक लाइसेंसी रिवाल्वर, जिंदा कारतूस, एटीएम तोड़ने के उपकरण, दो मोबाइल फोन एवं मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल कर ली।

पुलिस लाईन सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि थाना सदर बाजार पुलिस प्रभारी निरीक्षक कपिल देव, उपनिरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक विपिन शर्मा व महिला उपनिरीक्षक चंचल कुमारी के नेतृत्व में रात्रि में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने खलासी लाईन में शिवालिक बैंक के पास हिताची एटीएम मशीन को पेंचकश से खोलते हुए एक महिला समेत चार आरोपियों विनीत कुमार नेन पुत्र कृष्णपाल सिंह निवासी मौहल्ला बालाजीपुरम, विकास कुमार पुत्र कृष्णपाल निवासी रामपुरी कालोनी खलासी लाईन, राजेश पुत्र नरेश कुमार निवासी नेहरू नगर बालाजी एकेडमी के पास खलासी लाईन व तनु पुत्री शेरसिंह निवासी वेद विहार कालोनी नवादा रोड सभी थाना सदर बाजार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लाइसेंसी रिवाल्वर, चार जिंदा कारतूस 22 बोर, 2 पेंचकश, एक चाकू, दो मोबाइल फोन व एक मोटरसाइकिल स्पलेंडर प्लस बरामद कर ली।

एसपी सिटी श्री बिंदल ने बताया कि दबोचे गए आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि आरोपी राजेश पुत्र नरेश कुमार खलासी लाईन स्थित हिताची एटीएम का कांन्ट्रैक्टर है जिसके द्वारा इस एटीएम में पैसा डाला जाता है। विकास व राजेश नवीन नगर स्थित हिताची एटीएम में भी पार्टनर हैं। विनीत कुमार नैन ने बताया कि आरोपी तनु ने मुझे विकास कुमार से मिलवाया था। तनु और विकास कुमार एक दूसरे को पहले से ही जानते थे, जिसने बताया था कि एटीएम तोड़ने पर जितना भी रूपया मिलेगा उसे आपस में बराबर-बराबर बांट लेंगे। इसी योजना के तहत एटीएम की रेकी कर उसका कैमरा तोड़ दिया था तथा बाद में एटीएम से पैसे चुराने आए थे।

आरोपियों ने बताया कि जब हम एटीएम से पैसा निकालने ही वाले थे तभी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हमें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों का वांछित धाराओं में चालान काटकर जेल भेज दिया। वार्ता के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार यादव व एएसपी सिमरन सिंह मौजूद रहे।


Leave a Reply