पुलिस ने किसान नेताओं को किया उनके आवास पर नजरबंद

- सहारनपुर में पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के प्रदेश महासचिव को उनके आवास पर नजरबंद करती पुलिस।
सहारनपुर [24CN] । विभिन्न किसान संगठनों द्वारा आज टोल प्लाजाओं पर धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा के चलते थाना देहात कोतवाली पुलिस ने रोहाना टोल प्लाजा पर कूच करने से पूर्व ही पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के प्रदेश महासचिव आसिम मलिक को उनके घर पर ही नजरबंद कर दिया। गौरतलब है कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि कानूनों के खिलाफ विभिन्न किसान संगठनों द्वारा आंदोलन का बिगुल बजा रखा है जहां अनेक किसान दिल्ली की विभिन्न सीमाओं पर धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांग को सरकार तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं, वहीं कस्बों व शहरों में भी किसान संगठनों के पदाधिकारियों द्वारा धरना-प्रदर्शन करने का काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा ने रोहाना टोल प्लाजा पर धरना प्रदर्शन करने की घोषणा की थी जिसके अनुसार आज सुबह पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता देवबंद की मंगलौर चौकी पर एकत्र होकर रोहाना टोल प्लाजा कूच करने की रणनीति बनाई गई थी जिसके चलते थाना देहात कोतवाली पुलिस ने पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के प्रदेश महासचिव आसिम मलिक के महफूज गार्डन स्थित आवास पर पहुंचकर उन्हें उनके घर पर नजरबंद कर दिया जिसके चलते आसिम मलिक की अपने समर्थकों के साथ रोहाना टोल प्लाजा पर पहुंचने की तैयारियां धरी रह गई।
पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के प्रदेश महासचिव आसिम मलिक ने पुलिस की कार्रवाई को अलोकतांत्रिक व मौलिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के इशारे पर जिला प्रशासन किसानों के दमन पर उतर आया है। उन्होंने कहा कि किसान किसी भी सूरत में शासन व प्रशासन के उत्पीडऩ से घबराने वाले नहीं हैं। आवश्यकता पडऩे पर किसान किसी भी तरह की कुर्बानी से पीछे नहीं हटेंगे।