सपा जिलाध्यक्ष समेत तमाम नेताओं को पुलिस ने किया नजरबंद

- सहारनपुर में कृषि कानूनों के खिलाफ नारेबाजी करते सपा कार्यकर्ता।
सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर देशव्यापी आंदोलन किसानों के सम्मान में समाजवादी पार्टी मैदान में के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सपा जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन समेत जनपद में सपा के तमाम बड़े नेताओं व जनप्रतिनिधियों को उनके घर में नजरबंद कर दिया जिसके चलते सपा द्वारा विधानसभा स्तर पर होने वाली पदयात्रा नहीं हो पाई। गौरतलब है कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा पारित किए गए तीन कृषि बिलों के खिलाफ देशभर के तमाम किसान संगठन विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। किसान संगठनों के आंदोलन के समर्थन में आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पूरे प्रदेश में विधानसभा स्तर पर सपाइयों को पदयात्रा निकालने के निर्देश दिए थे जिसके चलते सपाइयों द्वारा विधानसभा स्तर पर निकाली जाने वाली पदयात्राओं की पूरी तैयारी की गई थी परंतु आज सुबह ही थाना तीतरो प्रभारी छोटेसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सपा जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन के आवास पर पहुंचकर उन्हें उनके घर पर ही नजरबंद कर दिया।
सपा जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने इस कार्रवाई को संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात कहने का अधिकार है परंतु केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारें अपने नाकामियो को छिपाने के लिए किसानों के साथ-साथ विपक्षी दलों के नेताओं के दमन पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि आज देश का अन्नदाता किसान अपनी जायज मांगों को लेकर कड़ाके की सर्दी में खुले आसमान के नीचे धरना प्रदर्शन करने को मजबूर है परंतु भाजपा सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर उदासीन बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सपा आखिरी दम तक किसानों की लड़ाई लडऩे का काम करेगी तथा किसी भी सूरत में पीछे नहीं हटेगी। चाहे इसके लिए हमें कोई भी कुर्बानी देनी पड़ेग। उन्होंने कहा कि जिस तरह जिला प्रशासन द्वारा सपा के तमाम नेताओं को उनके घरों में नजरबंद किया गया। इससे साबित होता है कि विधानसभा चुनाव में सपा ही भाजपा का विकल्प बनने जा रही है। इसी से घबराकर भाजपा ने सपा नेताओं का दमन शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के अनुसार सपा कार्यकर्ता कृषि कानून वापस होने तक अपना समर्थन व सहयोग जारी रखेंगे। इसी कड़ी में जिला प्रशासन द्वारा सपा व्यापार सभा के प्रदेशाध्यक्ष व नगर विधायक संजय गर्ग, पूर्व विधायक माविया अली, पूर्व मंत्री सरफराज खान, सपा के प्रदेश सचिव जगपाल दासगुर्जर, रामपुर मनिहारान विधानसभा प्रभारी जसवीर वाल्मीकि, सपा के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष फरहाद आलम गाड़ा, सपा एसी/एसटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष आकाश खटीक, सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष अमित गुर्जर शिवपुर, रामपुर मनिहारान विधानसभा अध्यक्ष चौ. सतनाम सिंह को उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया। जबकि पूर्व एमएलसी उमर अली खान को लखनऊ से वापस लौटते समय मुजफ्फरनगर जिले के रोहाना टोल प्लाजा पर रोक लिया गया। इसी कड़ी में सपा के बेहट विधानसभा अध्यक्ष व जिला पंचायत सदस्य रागिब अली को भी पुलिस ने बीती रात हिरासत में ले लिया था।