पुलिस के हत्थे चढ़ा सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में फायरिंग करने का आरोपी
- सहारनपुर में रामपुर मनिहरान पुलिस द्वारा पकड़ा गया आरोपी।
सहारनपुर। कोतवाली रामपुर मनिहरान पुलिस ने सोशल मीडिया पर तमंचे से फायरिंग करते हुए वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी युवक के कब्जे से एक तमंचा 12 बोर व एक खोखा कारतूस बरामद कर लिया।
कोतवाली रामपुर मनिहारान प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपदीय सोशल मीडिया सैल द्वारा अफवाहों व आपत्तिजनक पोस्ट व फोटो की निगरानी के दौरान एक युवक की समारोह में तमंचे के साथ नाचते व फायर करते हुए वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर रामपुर मनिहारान पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने बताया कि आज उनके व व उपनिरीक्षक रोबिल्स कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी दीपचंद उर्फ सोनू पुत्र ओमप्रकाश निवासी लंढौरा गुर्जर थाना रामपुर मनिहारान को एक तमंचा 12 बोर व एक खोखा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी दीपचंद उर्फ सोनू ने बताया कि उसने कई साले पहले एक चलते-फिरते व्यक्ति से खेतों में आने-जाने के लिए तमंचा खरीदा था। विगत 12 अप्रैल को अपने भाई के घर में आयोजित समारोह के दौरान उसने तमंचे को लेकर डांस करते हुए फायर किया था जिसकी वीडियो वायरल हो गई थी। आज बरामद तमंचा व खोखा कारतूस उसी वीडियो का है। पुलिस ने आरोपी का चालान काटकर जेल भेज दिया।
