मुठभेड़ में पुलिस ने दबोचे ८ शातिर लुटेरे, नाजायज असलाह व बाइक बरामद

मुठभेड़ में पुलिस ने दबोचे ८ शातिर लुटेरे, नाजायज असलाह व बाइक बरामद
  • सहारनपुर में रामपुर मनिहारान पुलिस द्वारा दबोचे गए शातिर लुटेरे एवं जानकारी देते एसएसपी।

सहारनपुर। कोतवाली रामपुर मनिहरान पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आठ शातिर लुटेरों को दबोचकर लूट की दो घटनाओं का खुलासा करने में सफलता हासिल कर ली। पुलिस ने दबोचे गए लुटेरों के कब्जे से नाजायज असलाह व बाइकें बरामद कर ली। जबकि लूट की घटनाओं का खुलासा करने वाली पुलिस टीमों को एसएसपी ने 25 हजार रूपए का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. विपिन ताड़ा ने पुलिस लाईन सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि कोतवाली क्षेत्र में विगत चार व छह जनवरी को लूट की दो अलग-अलग घटनाएं हुई थी जिनमें दो बाइकें लूट ली गई थी। इस सम्बंध में कोतवाली रामपुर मनिहारान में मुकदमें दर्ज कराए गए थे। उन्होंने बताया कि बीती रात्रि रामपुर मनिहारान पुलिस थाना प्रभारी प्रमोद कुमार, अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक योगेश चंद्र, वरिष्ठ उपनिरीक्षक कपिल देव, उपनिरीक्षक आजाद सिंह, महेश चंद, जसवीर सिंह व रोबिल्स कुमार के नेतृत्व में पुलिस द्वारा की जा रही चैकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि घसौती तिराहे पर नौ बदमाश खड़े हैं जिनके पास लूट की बाइक व अवैध असलाह है। सूचना पर पुलिस घसौती तिराहे पर पहुंची तो वहां खड़े बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने बल प्रयोग करके सात बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

बाद में पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर एक अन्य आरोपी को भी दबोच लिया। दबोचे गए आरोपियों में गैंगलीडर शंकर पुत्र सुलेकचंद निवासी अमोली कोतवाली रामपुर मनिहारान, आदित्य पुत्र प्रमोद व अभिषेक पुत्र प्रदीप निवासीगण मुंडीखेड़ी थाना रामपुर मनिहारान, हिमांशु उर्फ चुन्नू पुत्र धर्मेद्र पंवार निवासी मौहल्ला गंगाराम कस्बा व थाना रामपुर मनिहारान, अभिनव पंवार उर्फ एलन पुत्र देवेंद्र पंवार निवासी बड़ा जैन मंदिर कस्बा व थाना रामपुर मनिहारान, निखिल पुत्र मैनपाल निवासी बाबूपुर नगली थाना देवबंद, रविश उर्फ भोला पुत्र वेदपाल निवासी मतौली थाना देवबंद, अमित पुत्र यशवीर सैनी निवासी सुआखेड़ी थाना सरसावा शामिल हैं।

एसएसपी ने बताया कि दबोचे गए आरोपियों के कब्जे से 3 तमंचे 315 बोर, 9 जिंदा व खोखा कारतूस, एक तमंचा 12 बोर मय तीन जिंदा व 1 खोखा कारतूस, लूटी गई बाइक संख्या यूके17-1357, यूपी11सीएफ 9255 तथा लूट में प्रयुक्त की गई बाइक संख्या यूपी11सीसी- 6817 व यूपी 11बीके-0619 बरामद कर ली। एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हमारे गैंग का लीडर शंकर है। हम घटना को कारित करने से पहले उस क्षेत्र की रैकी करके आने-जाने का रास्ता देख लेते हैं। गैंग लीडर शंकर ने बताया कि उसने सरसावा के रहने वाले अपने साथी अमित सैनी व अन्य आदित्य, हिमांशु उर्फ चुन्नु, अभिनव पंवार उर्फ ऐलन व अभिषेक के साथ बाग में बैठकर योजना बनाई थी कि हम रामपुर मनिहारान क्षेत्र में घटना को अंजाम देंगे। उसके बाद देहरादून में अमित के कमरे पर चले जाएंगे।

उन्होंने बताया कि अमित देहरादून में बीकॉम की पढ़ाई कर रहा है तथा वहां रहता है। उन्होंने बताया कि उन्होंने पूर्व में भी कोतवाली रामपुर मनिहारान क्षेत्र में जो बाइक लूटी गई थी उसमें भी हम शामिल थे। योजना के अनुसार हमने दो बाइक लूटकर देवबंद में रहने वाले निखिल व रविश उर्फ भोला को बेच दी थी। आज भी हम मिलकर किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे तभी पुलिस ने हमें दबोच लिया। उन्होंने बताया कि लूट के बाद जो पैसा हमारे पास आता है उसे हम मौजमस्ती व खाने पीने में खर्च कर देते हैं।