जनमंच सभागार में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने देखा लखनऊ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण

जनमंच सभागार में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने देखा लखनऊ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
  • सहारनपुर में जनमंच सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद पुलिस प्रशासनिक अधिकारी। (छाया: सुरेंद्र चौहान)

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के इंदिरा प्रतिष्ठान में निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के तहत 9055 उपनिरीक्षक, नागरिक पुलिस, प्लाटून कमांडर, पीएससी एवं अग्निशन द्वितीय अधिकारियों को नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया। जबकि डीआईजी अजय कुमार साहनी व एसएसपी डा. विपिन ताड़ा ने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड के दरोगा भर्ती परीक्षा 2020-21 के सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि रोजगार मेला मेरे लिए जीवन का हिस्सा बन गया है। आज का रोजगार मेला उत्तर प्रदेश में सुरक्षा की भावना को और सशक्त बनाएगा। वर्तमान सरकार में रोजगार और सुरक्षा दोनों में वृद्धि हुई है। सरकार ने लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूती प्रदान की है। यूपी टूरिज्म पर्यटन के क्षेत्र में सबसे बड़ा केंद्र है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने छह वर्ष में साढ़े पांच लाख नौजवानों को नौकरियां दी हैं। अग्निशमन विभाग को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। पीएससी की 54 बटालियन को पुनर्गठित किया गया। पीएससी की तीन महिला बटालियन का गठन किया गया। आज हर विभाग में निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत भर्तियां की जा रही हैं। पुलिसकर्मियों की सुविधाओं को बढ़ाया गया है। सरकार में आने के बाद रिक्त पदों को भरा जा रहा है। ट्रेनिंग की क्षमता को तीन गुणा किया गया है। पुलिस बल के मनोबल को बढ़ाने के लिए अनेक कार्य किए जा रहे हैं। पुलिस भर्ती के साथ अवस्थापना सुविधाओं केा बढ़ाया गया है। पुलिस बल में महिलाओं की संख्या बढ़ी है। सुशासन की पहली आवश्यकता सुरक्षा है। कॉमनमैन के प्रति व्यवहार सद्भावनापूर्ण होना चाहिए। वहीं अपराधी के प्रति जीरो टोलरेंस के तहत कार्रवाई की जाए। कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, वित्तमंत्री सुरेश खन्ना, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक डी. एस. चौहान ने भी सम्बोधित किया।

जनमंच सभागार में जिलाधिकारी डीआईजी अजय कुमार साहनी, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, एसएसपी डा. विपिन ताड़ा, एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक समेत अन्य अधिकारियों ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के भाषण का सजीव प्रसारण सुना तथा डीआईजी अजय कुमार साहनी व एसएसपी डा. विपिन ताड़ा ने उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर उ.प्र. पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक, नागरिक पुलिस व पीएससी प्लाटून कमांडर व अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पद पर सीधी भर्ती में चयनित सहारनपुर के 194, मुजफ्फरनगर के 221, शामली के 143, हिमाचल प्रदेश के 1, उत्तराखंड के 18 उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस, पीएससी एवं अग्निशमन द्वितीय अधिकारियों तथा 38 प्लाटून कमांडर को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस भर्ती में चयनित 615 अभ्यर्थियों में से 50 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इनमें से 5 अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में नियुक्ति पत्र दिए गए।