‘मोदी देश के पीएम, गलत शब्दों का प्रयोग नहीं करें’ रामगोपाल यादव की सपा कार्यकर्ताओं को नसीहत

‘मोदी देश के पीएम, गलत शब्दों का प्रयोग नहीं करें’ रामगोपाल यादव की सपा कार्यकर्ताओं को नसीहत

समाजवादी पार्टी के महानगर कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश अध्यक्ष। प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने कार्यकर्ताओं को चेताया सत्ता में रहने के लिए भाजपा कुछ भी कर सकती है। वोटर लिस्ट बन रही है उसमें देखें नाम न कट जाएं। आनलाइन वोट बनवाइए। किसी के हाथ में मत दीजिए। बूथ बन रहे हैं नए। बूथ ऐसी जगह बनवा देंगे जहां भाजपा के लोग ज्यादा हों। अलर्ट रहें।

मथुरा। सपा के प्रधान राष्ट्रीय महासचिव राज्यसभा सदस्य प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि केंद्र सरकार और प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कहा कि देश में हर दिन गरीबों की संख्या बढ़ रही है। एक करोड़ करदाताओं की संख्या घटी है। उन्होंने कहा कि देश के हालात गंभीर है। केंद्र सरकार संविधान को बदलने की कोशिश में है, इसे बचाना जरूरी है। वह मंगलवार को छटीकरा मार्ग स्थित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी भवन सभागार में सपा महानगर कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

बीजेपी से जुड़े लोग कर रहे अधिकारियों संग मारपीट

प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने कहा कि देश में प्रचार ऐसे हो रहा है, जैसे फिर भारत सोने की चिड़िया बन गया। बीजेपी से जुड़े लोग अधिकारियों संग मारपीट करते हैं। लूट, डकैती, बलात्कार, हत्या के मामले हर दिन सामने आ रहे हैं। लखनऊ में भी महिलाएं रात में अकेले नहीं निकल सकतीं। उन्होंने कहा कि आज चंद्रयान उतरेगा चंद्रमा पर। स्कूलों को आदेश हैं शाम को स्कूल खोलें, ताकि लैंडिंग दिखाई जाए। यहां लैंडिंग नहीं बल्कि प्रधानमंत्री बोलेंगे। जैसे चंद्रयान भाजपा ने तैयार किया है, वैज्ञानिकों ने नहीं।

सदस्यता शुल्क जमा करने की अपील

प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कार्यकर्ताओं से सदस्यता शुल्क जमा करने की अपील करते हुए कहा, पार्टी सदस्यता में रिस्क कवर होता है। जैसे बीमा कंपनी करती है, तो पार्टी आपका हाल-चाल लेती है। आपके दुख-सुख में शामिल होते हैं। उपचार में मदद करते हैं। अगर किसी परिवार में मृत्यु हो तो भरण पोषण की मदद पार्टी करती है। मुलायम कहते थे चंदा मांगो, कार्यकर्ताओं की मदद करेंगे, पार्टी भी चलाएंगे। कार्यकर्ताओं के पैसे से संगठन चलाते हैं। समाजवादी आंदोलन में आप ताकत दो। सम्मेलन की शुरुआत प्रो. रामगोपाल यादव ने दीप प्रज्ज्वल कर की।

ये रहे मौजूद

सुषमा यादव, किशोर सिंह, महानगर अध्यक्ष ऋतु गोयल, जिलाध्यक्ष अजित सिंह, अभिषेक यादव, भगवती चतुर्वेदी, पवन चौधरी, बल्लभ भाई कुशवाह, अशोक यादव, भुल्लू कुरैशी, अंकित वार्ष्णेय, नारायण यादव, अतुल शर्मा समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यकर्ताओं को दी हिदायत

रामगोपाल यादव ने कार्यकर्ताओं को हिदायत दी कि विरोधी हो या कोई और भाषा पर नियंत्रण जरूर रखें। ऐसी भाषा का प्रयोग न करें जो किसी के सम्मान को ठेस पहुंचाए। जो निष्पक्ष है जिसकी संख्या ज्यादा है। वह पसंद नहीं करता। भाषा संयमित हो। मोदीजी प्रधानमंत्री हैं हम नीति के विरोधी हैं। लेकिन गलत शब्दों का प्रयोग नहीं कर सकते। वह भाजपा के नहीं देश के प्रधानमंत्री हैं।

जब लोगों ने काटा हंगामा

सम्मेलन को जब प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल संबोधित कर रहे थे, तो सभागार के बीच में कुछ लोगों ने जोर से नारेबाजी कर हंगामा काटना शुरू कर दिया। जिसे कार्यकर्ताओं ने संभाल लिया। प्रो. रामगोपाल यादव ने ऐसे कार्यकर्ताओं को पार्टी से बाहर करने की हिदायत दी, जो अनुशासन में नहीं रहते। बाद में पता चला मथुरा की नई बस्ती के पीड़ित प्रो. यादव से मिलने की जिद कर रहे थे, जिन्हें रोक दिया गया था।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे